डाला छठ से पूर्व मानसरोवर पोखरे की सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जुटे न्यास सदस्य
डाला छठ से पहले मानसरोवर पोखरे की सफाई शुरू
रेल प्रशासन की लापरवाही से नाराज हुए श्रद्धालु
छठ पूजा सेवा न्यास ने संभाली सफाई की जिम्मेदारी
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में आगामी डाला छठ पर्व को देखते हुए पीडीडीयू नगर के जीटीआर ब्रिज के समीप स्थित मानसरोवर पोखरा, जो आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, की रविवार को सफाई अभियान चलाया गया। यह पोखरा हर वर्ष छठ पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से गूंज उठता है, लेकिन इस बार रेल प्रशासन द्वारा सफाई न कराए जाने से नाराज होकर छठ पूजा सेवा न्यास के पदाधिकारियों ने स्वयं तालाब की सफाई का जिम्मा उठाया।
श्री श्री सूर्य देव मंदिर छठ पूजा सेवा न्यास के संस्थापक कृष्ण गुप्ता के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने घुटने भर पानी में उतरकर पोखरे से कचरा, प्लास्टिक, टूटी मूर्तियाँ और शराब की बोतलें तक निकालीं। सफाई के दौरान कई सदस्य चोटिल भी हो गए, लेकिन उत्साह कम नहीं हुआ।
न्यास के सदस्यों ने बताया कि मानसरोवर पोखरे की सफाई का उद्देश्य यह है कि छठ व्रती महिलाओं को स्नान और अर्घ्य देने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने जिला प्रशासन और रेल प्रशासन से अपील की कि छठ पर्व से पहले पोखरे की पूरी सफाई कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत भी तत्काल कराई जाए।
श्री कृष्ण गुप्ता ने कहा कि यह तालाब केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि आस्था का प्रतीक है। छठ व्रती यहां शुद्ध मन और श्रद्धा से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसलिए प्रशासन को इस स्थल की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
सफाई अभियान में आदित्य चौहान, निखिल, मुकंद चौहान, डब्लू, आयुष कुमार, दिव्यांशु, श्रीकांत गुप्ता, राकेश सिंह, अनिल यादव, सुमित कुमार, अनुज कुमार, अमन कुमार, दीपक कुमार, मृदुल तिवारी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







