जेल से छूटते ही कुख्यात अपराधी 'डब्बू' फिर गिरफ्तार, CO बोले- 'अपराधी की जगह जेल है, घर नहीं'
मुगलसराय पुलिस की कार्रवाई पर बोले सीओ साहब
वांछित कुख्यात अपराधी राकेश उर्फ डब्बू को फिर से किया गिरफ्तार
डब्बू पर 24 गंभीर मुकदमे हो रखे हैं दर्ज
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध-विरोधी अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में वांछित कुख्यात अपराधी राकेश उर्फ डब्बू को गिरफ्तार किया है।
मुगलसराय कोतवाली पुलिस को यह गिरफ्तारी उस वक्त करने में कामयाबी मिली, जब कुख्यात अपराधी राकेश उर्फ डब्बू (निवासी चहरिया, कैमूर, बिहार व वर्तमान पता सुभाषनगर, मुगलसराय) जिला कारागार वाराणसी से एक अन्य मामले (मुकदमा अपराध संख्या 393/25) में जमानत पर रिहा होने वाला था।
जेल से बाहर आने का इंतजार कर रही थी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे (मुकदमा अपराध संख्या 497/2025) में वांछित राकेश उर्फ डब्बू जमानत पर रिहा होकर बाहर आ रहा है। इस पर प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने वाराणसी जिला कारागार के बाहर सघन निगरानी की। जैसे ही आरोपी सुबह 8:20 बजे कारागार के बाहर आया, पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।
'डब्बू' पर 24 गंभीर मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी राकेश उर्फ डब्बू पर हत्या, रंगदारी, धोखाधड़ी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 24 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि डब्बू का मुख्य पेशा रंगदारी और धमकी देकर धन उगाही करना है, जिससे वह और उसके गिरोह के सदस्य आर्थिक लाभ उठाते हैं।
इस गिरफ्तारी के संबंध में पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी (CO) कृष्ण मुरारी शर्मा ने सख्त लहजे में कहा, "ऐसे अपराधियों की जगह जेल में ही है, घर पर नहीं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस का यह अभियान अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा और समाज में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







