अलीनगर में जुमा व दुर्गा विसर्जन को लेकर शांति समिति की बैठक, बिना अनुमति जुलूस पर सख्त कार्रवाई का अल्टीमेटम
अलीनगर में आयोजित हुई शांति समिति की बैठक
सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने दी कड़ी चेतावनी
बिना अनुमति जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर 'आई लव मोहम्मद' जुलूस पर चर्चा
चंदौली जिले में आगामी जुमा व दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को लेकर बुधवार को अलीनगर थाने में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के धर्मगुरु, दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल बनाए रखना रहा।
बता दें कि बैठक की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्राधिकारी कृष्णमुरारी शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि केवल अधिकृत और जिम्मेदार लोग ही विसर्जन में शामिल हों। सीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि भीड़ और अफरा-तफरी से बचते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाए। इस दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे "आई लव मोहम्मद" नामक कथित जुलूस के संबंध में भी चर्चा की गई। सीओ ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जुलूस की कोई अनुमति नहीं दी गई है। अगर कोई बिना अनुमति के जुलूस निकालने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
शांति समिति की बैठक में अलीनगर की जामा मस्जिद के सदर इस्तखार भाई ने कहा कि हमने मस्जिदों से ऐलान किया है कि इस तरह के जुलूस निकालना गलत है। मोहब्बत जताने के लिए घर और मस्जिद पर्याप्त स्थान हैं, सड़क पर जुलूस निकालना नबी की बेअदबी है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद साहब को हिंदू भी मानते हैं, इसलिए सभी इमामों से अपील है कि गांव-गांव में घोषणा कर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि हमें शांति और भाईचारे के साथ रहना है, क्योंकि उसी दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन भी होना है।
वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मीडिया प्रभारी दीवान इमरान अहमद ने युवाओं से अपील की कि वे "आई लव मोहम्मद" बैनर लेकर जुलूस निकालने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि सभी लोग जुमे की नमाज अदा करने के बाद सीधे अपने घर जाएं और हिंदू-मुस्लिम एकता को बनाए रखें।
सतपोखरी के ग्राम प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी ने भी अपनी आवाम से आग्रह किया कि इस समय हिंदू भाइयों का बड़ा त्योहार चल रहा है। हम छोटे भाई होने के नाते यह जिम्मेदारी निभाएं कि किसी भी तरह की गतिविधि से हमारे हिंदू भाइयों को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के बाद लोग शांतिपूर्वक अपने घर लौटें और जिले का अमन-चैन बनाए रखें।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी जुमा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील की है।
इस मौके पर अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय डॉ अलाऊद्दीन क़ादरी, सद्दाम, मो चांद सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







