DDU होकर बेंगलुरु जाना हुआ आसान, दानापुर-SMVT बेंगलुरु एक्सप्रेस का बदला ट्रेन नंबर और शेड्यूल
दानापुर से SMVT बेंगलुरु के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन अब 1 सितंबर से रोजाना नियमित रूप से चलेगी। इससे यूपी, बिहार और दक्षिण भारत की तरफ यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा और कन्फर्म सीट मिलेगी।
दानापुर-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन हुई अब नियमित
1 सितंबर से प्रतिदिन चलेगी यह ट्रेन
नया ट्रेन नंबर 22365/22366 घोषित हुआ
कुल 24 कोच के साथ दौड़ेगी एक्सप्रेस
7 राज्यों के रेल यात्रियों को लाभ
रेल यात्रियों के लिए एक बेहद अच्छी खबर है। पटना (दानापुर) और एसएमवीटी बेंगलुरु (SMVT Bengaluru) के बीच अभी तक चल रही स्पेशल ट्रेन को रेलवे ने अब स्थायी रूप से नियमित (Regular) कर दिया है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले से अब दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु-दानापुर ट्रेन स्पेशल के बजाय सुपरफास्ट एक्सप्रेस बनकर रोजाना पटरी पर दौड़ेगी। दानापुर से यह ट्रेन 1 सितंबर से और बेंगलुरु से 3 सितंबर से प्रतिदिन चलाई जाएगी।

नया ट्रेन नंबर और 24 कोच की सुविधा
रेलवे ने इस ट्रेन को नया नंबर दिया है। अब दानापुर से चलने वाली ट्रेन का नंबर 22365 और बेंगलुरु से चलने वाली ट्रेन का नंबर 22366 होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इसमें एलएसएलआरडी के 2, साधारण द्वितीय श्रेणी (जनरल) के 7, शयनयान (स्लीपर) के 10, थर्ड एसी के 3 और सेकंड एसी के 2 कोच शामिल होंगे। इससे हर वर्ग के यात्रियों को सफर करने में आसानी होगी।
दानापुर से चलने का पूरा टाइम टेबल
ट्रेन संख्या 22365 दानापुर से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह आरा दोपहर 3:16 बजे, बक्सर 4:13 बजे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन शाम 5:53 बजे पहुंचेगी। डीडीयू से आगे बढ़ते हुए रात 8:25 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। इसके बाद जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, पेरम्बूर और काटपाडी होते हुए तीसरे दिन दोपहर 2:30 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
बेंगलुरु से वापसी की समय सारणी
वापसी में ट्रेन संख्या 22366 एसएमवीटी बेंगलुरु से 3 सितंबर से रोजाना रात 11:50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह जबलपुर होते हुए शाम 5:30 बजे प्रयागराज छिवकी और रात 8:58 बजे DDU जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद रात 10:10 बजे बक्सर, रात 11:01 बजे आरा होते हुए देर रात 12:15 बजे दानापुर पहुंचेगी।
इन राज्यों के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
इस ट्रेन के नियमित होने से बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर नौकरीपेशा, छात्रों और इलाज के लिए दक्षिण भारत जाने वाले मरीजों को अब कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







