जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बिहार और पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: DDU जंक्शन से गुजरेगी एक और अमृत भारत एक्सप्रेस

रेलवे ने भागलपुर और अहमदाबाद के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शुरू करने का फैसला लिया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन होकर चलने वाली इस ट्रेन से पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
 

DDU जंक्शन होकर चलेगी अमृत भारत

भागलपुर से अहमदाबाद का नया सफर

26 और 28 अगस्त से शुरुआत

22 कोच वाली आधुनिक अमृत ट्रेन

पूर्वांचल और बिहार को बड़ी सौगात

रेलवे ने चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन से होकर गुजरने वाली एक और नई ट्रेन की सौगात दी है। भागलपुर और अहमदाबाद के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शुरू होने जा रहा है। रेलवे प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहले पटना और अहमदाबाद के बीच चल रही क्लोन स्पेशल ट्रेन को अब गाड़ी संख्या 19423/19424 भागलपुर-अहमदाबाद-भागलपुर साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में नियमित कर दिया गया है।

जानिए कब से शुरू होगी ट्रेन सेवा
अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन अहमदाबाद से 26 अगस्त 2026 से हर बुधवार को किया जाएगा। वहीं भागलपुर से यह ट्रेन 28 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी। यात्रियों के आराम और सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 11 साधारण द्वितीय श्रेणी (जनरल), 8 शयनयान श्रेणी (स्लीपर), एक पेंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।

ट्रेन की समय-सारणी और प्रमुख स्टेशन
अहमदाबाद से यह ट्रेन हर बुधवार शाम 6:30 बजे खुलकर गुरुवार रात 9:13 बजे DDU जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वापसी में भागलपुर से यह ट्रेन हर शुक्रवार शाम 4:45 बजे रवाना होकर शनिवार तड़के 2:53 बजे DDU जंक्शन पहुंचेगी और रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

पूर्वी भारत से पश्चिमी भारत का सफर होगा आसान
इस ट्रेन के नियमित चालू होने से चंदौली, पूर्वांचल और बिहार के रेल यात्रियों को अहमदाबाद और पश्चिमी भारत के अन्य शहरों में आने-जाने के लिए एक बेहतरीन और आरामदायक विकल्प मिल गया है। इससे त्यौहारों और छुट्टियों के सीजन में होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*