DDU Junction Escalator: सारा ध्यान PM मोदी के बनारस दौरे पर, बार-बार खराब हो रहा DDU जंक्शन का एस्कलेटर, कमीशनखोरी से लोकल कंपनी का लगाया एस्कलेटर, रेलमंत्री से जांच की मांग
PM मोदी के बनारस दौरे के बीच DDU जंक्शन का एस्कलेटर फिर बंद, वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाया, ब्रांडेड की जगह लोकल कंपनी का एस्कलेटर लगाने का दावा।
DDU जंक्शन का एस्कलेटर खराब
पीएम दौरे पर व्यवस्था चाक-चौबंद
अधिवक्ता संतोष पाठक का आरोप
भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का खेल
रेलमंत्री से निष्पक्ष जांच मांग
जिले के सभी अफसरों का सारा ध्यान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बनारस दौरे पर लगा है। बनारस में हर जगह व्यवस्था चाक-चौबंद है, लेकिन इसी बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर एक बार फिर एस्कलेटर बंद पड़ा मिला। जिसे लेकर जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक एडवोकेट आज डीडीयू जंक्शन पर पहुंचे तो वहां का स्वचालित सीढ़ी (एस्कलेटर) बंद पड़ा था। बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग यात्री सीढ़ियों से चढ़ने-उतरने को मजबूर थे। जिसको लेकर संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने DDU जंक्शन पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाया।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा एस्कलेटर - संतोष पाठक
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने कहा कि प्रधानमंत्री जी बनारस में हैं, हर जगह व्यवस्था चाक-चौबंद है, बावजूद इसके डीडीयू जंक्शन प्रधानमंत्री जी का स्वागत भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ के बंद एस्कलेटर (स्वचालित सीढ़ी) से कर रहा है। यह बेहद शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र के सबसे बड़े जंक्शन पर यात्रियों को यह सुविधा भी नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह एस्कलेटर ब्रांडेड कंपनी का लगाने का टेंडर हुआ था, लेकिन इसे लोकल कंपनी का लगाकर जमकर कमीशनखोरी हुई, भ्रष्टाचार किया गया, जिसकी वजह से यह एस्कलेटर बराबर खराब ही रहता है। टेंडर में अच्छी कंपनी का नाम दिखाया गया और मौके पर सस्ती और लोकल कंपनी का एस्कलेटर लगा दिया गया।
पूरे मंडल में भ्रष्टाचार का खेल - पाठक
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने कहा कि पूरे डीडीयू मंडल में भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। यात्री सुविधाओं के नाम पर सिर्फ कागजों में काम हो रहा है। जमीन पर कुछ नहीं दिखता। एस्कलेटर, लिफ्ट, शेड, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी ठीक से नहीं चल पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि डीडीयू जंक्शन पर रोज हजारों यात्री आते-जाते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए एस्कलेटर बहुत जरूरी है, लेकिन यह हमेशा बंद रहता है। यात्रियों को भारी सामान लेकर सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जिससे हादसे का भी खतरा रहता है।
रेलमंत्री से की निष्पक्ष जांच की मांग
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने रेलमंत्री से मांग की कि इस भ्रष्टाचार के खेल में बड़े अधिकारी और नेता लोग शामिल हैं। इसकी निष्पक्ष जांच हो और इन लोगों को जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले की ईमानदारी से जांच हुई तो कई बड़े चेहरे बेनकाब होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं, लेकिन उनके ही संसदीय क्षेत्र से सटे डीडीयू जंक्शन में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। यह प्रधानमंत्री की मंशा के खिलाफ है।
फिलहाल एस्कलेटर बंद होने से यात्रियों में नाराजगी है और लोग रेलवे प्रशासन से जल्द इसे ठीक करने की मांग कर रहे हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







