डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, दो युवकों से 28 लाख रुपये नकद बरामद
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए। दस्तावेज न मिलने पर मामला आयकर विभाग को सौंप दिया गया।
डीडीयू स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई
दो युवकों से 28 लाख बरामद
कोलकाता मेल में चल रही थी चेकिंग
आयकर विभाग को दी गई सूचना
जीआरपी और आरपीएफ का संयुक्त अभियान
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जीआरपी ने दो संदिग्ध युवकों के कब्जे से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए। बरामद धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर आयकर विभाग को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

कोलकाता मेल में हुई तलाशी
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान कोलकाता मेल (ट्रेन संख्या 12322) प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। जांच के दौरान कोच एस-3 की सीट संख्या 41 और 43 पर बैठे दो यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं।
पुलिस टीम ने उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिसे देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।
दस्तावेज नहीं दिखा सके युवक
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी राहुल सोनी (38 वर्ष) और पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति बरामद धनराशि के स्रोत और उद्देश्य के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
जब उनसे नकदी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आयकर विभाग को सूचना दी।
आयकर विभाग ने संभाली जांच
सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग वाराणसी की टीम मौके पर पहुंची। विभागीय अधिकारियों ने दोनों संदिग्धों और बरामद नकदी को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी
रेलवे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से स्टेशन परिसर तथा ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीमें नियमित रूप से जांच अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों और संदिग्ध लेन-देन के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








