जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली समाचार की खबर का बड़ा असर: DDU जंक्शन पर ओवरचार्जिंग करने वाला स्टॉल बंद, रेलवे की बड़ी कार्रवाई

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों से तय दाम से ज्यादा वसूली करने वाले स्टॉल पर रेलवे ने कड़ा एक्शन लिया है। 'चंदौली समाचार' पर खबर चलने और यात्री की शिकायत के बाद डीआरएम के निर्देश पर स्टॉल को तुरंत बंद करा दिया गया है।

 
 

चंदौली समाचार की खबर का बड़ा असर

डीडीयू जंक्शन का स्टॉल कराया बंद

पानी और कोल्ड ड्रिंक पर ओवरचार्जिंग

डीआरएम के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई

अवैध वेंडरों में मचा हड़कंप

चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर रेल यात्रियों से मनमाना पैसा वसूलने और सामानों की ओवरचार्जिंग के मामले में रेलवे प्रशासन ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। इस पूरे मामले को 'चंदौली समाचार' द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने और एक जागरूक यात्री द्वारा सोशल मीडिया पर शिकायत किए जाने के बाद विभाग तुरंत हरकत में आ गया। डीआरएम के कड़े निर्देश पर सीनियर डीसीएम ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोषी स्टॉल को बंद करा दिया है।

ddu-junction-stall-closed-overcharging-railway

यात्री ने सोशल मीडिया पर खोली थी पोल
मिली जानकारी के मुताबिक, दीपक नाम के एक रेल यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेलवे की आधिकारिक साइट पर एक शिकायत दर्ज कराई थी। यात्री का आरोप था कि डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-3 पर स्थित 'शरीफन इंटरप्राइजेज' के स्टॉल पर खुलेआम लूट मची है। वहाँ 14 रुपये में मिलने वाली पानी की बोतल 20 रुपये में और 40 रुपये मूल्य वाली कोल्ड ड्रिंक सीधे 50 रुपये में बेची जा रही थी। इस खबर को चंदौली समाचार ने प्रमुखता से चलाया तो तत्काल अधिकारियों को कार्रवाई करनी पड़ी।

लाइसेंस की आड़ में अवैध वेंडिंग का खेल
इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में दुकान चलाने वाले दूसरे स्टॉल संचालकों और अवैध रूप से सामान बेचने वाले वेंडरों में हड़कंप मच गया है। दरअसल, डीडीयू जंक्शन पर ओवरचार्जिंग और अवैध वेंडिंग की शिकायतें काफी समय से आ रही थीं। आरोप है कि कुछ मुख्य लाइसेंसधारी वेंडरों की आड़ में बहुत सारे अवैध वेंडर स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर घुसकर सामान बेचते हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है और रेलवे को भी नुकसान होता है।

यात्रियों के हितों से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त
मामले पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) ने बताया कि यात्रियों से तय कीमत से ज्यादा पैसे ऐंठने वाले स्टॉल संचालकों और अवैध काम में लगे लोगों के खिलाफ रेलवे लगातार सख्त अभियान चला रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यात्रियों की सुविधा और उनके हितों से किसी भी तरह का खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों को ताक पर रखने वाले दोषियों के खिलाफ आगे भी ऐसे ही कड़े कदम उठाए जाएंगे।

आम जनता और यात्रियों ने की तारीफ
रेलवे प्रशासन द्वारा की गई इस तुरंत और सख्त कार्रवाई की आम यात्रियों ने जमकर तारीफ की है। जंक्शन पर मौजूद मुसाफिरों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से ठगी करने वाले दुकानदारों में डर पैदा होगा। इसके साथ ही यात्रियों ने मांग की है कि स्टेशन परिसर में समय-समय पर ऐसा चेकिंग अभियान हमेशा चलाया जाना चाहिए, ताकि अवैध वेंडिंग और ज्यादा पैसे वसूलने के इस धंधे पर हमेशा के लिए पूरी तरह से रोक लग सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*