चंदौली के DDU मंडल ने रचा कीर्तिमान, समयपालन में देश के शीर्ष 5 में बनाई जगह
डीडीयू मंडल ने समयपालन में रचा नया इतिहास
रेलवे बोर्ड ने दी मंडल को बधाई
कोविड के बाद चौथी बार मिली बड़ी सफलता
डीआरएम उदय सिंह मीणा ने सराहा टीम भावना
चंदौली जिले के पं. दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल ने एक बार फिर अपनी दक्षता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। भारतीय रेल के सबसे व्यस्त मंडलों में शुमार डीडीयू मंडल ने गाड़ियों के परिचालन में शत-प्रतिशत समयपालन कर देशभर में कीर्तिमान रच दिया है। 31 अगस्त 2025 को मंडल से संचालित सभी 156 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बिना किसी विलंब के किया गया। इस उपलब्धि के बाद रेलवे बोर्ड ने भी मंडल को बधाई दी है।
चौथी बार रचा गया कीर्तिमान
आपको बता दें कि डीडीयू मंडल ने कोविड-19 के बाद की अवधि में यह उपलब्धि चौथी बार हासिल की है। इससे पहले 5 जुलाई, 24 जुलाई और 14 अगस्त को भी मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालन का प्रदर्शन किया था।

डीआरएम ने सराहा टीम भावना
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीणा ने बताया कि इस सफलता में परिचालन विभाग की केंद्रीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय, उत्कृष्ट योजना और कर्मचारियों की कर्मठता के कारण यह संभव हो सका। मीणा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह टीम भावना का प्रतिफल है।

606 गाड़ियों का हुआ संचालन
बताते चलें कि 31 अगस्त को डीडीयू मंडल में कुल 606 गाड़ियों का सफल संचालन किया गया। इनमें 156 मेल/एक्सप्रेस, 85 पैसेंजर और 365 मालगाड़ियाँ शामिल थीं। मेल/एक्सप्रेस श्रेणी में 11 राजधानी, 12 वंदे भारत, 4 अमृत भारत, 66 मेल/एक्सप्रेस, 58 सुपरफास्ट और 5 विशेष ट्रेनें थीं।

बढ़ी समयपालन दर
डीआरएम ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष अप्रैल से अगस्त 2025 तक डीडीयू मंडल की समयपालन दर 95.63% रही। यह पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कहीं बेहतर है, जब यह 88.65% थी। लगातार सुधार ने मंडल को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष 5 में पहुंचा दिया है।

उपलब्धि का महत्व
भारतीय रेल के लिए डीडीयू मंडल की यह उपलब्धि खास मायने रखती है क्योंकि यह मंडल न केवल यात्री गाड़ियों बल्कि मालगाड़ियों के परिचालन में भी बेहद महत्वपूर्ण है। समयपालन से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलती है, वहीं मालगाड़ियों की समय पर आवाजाही से उद्योग और व्यापार जगत को भी लाभ होता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







