जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

DDU रेल मंडल में 'गुरु सम्मान समारोह 2025' का भव्य आयोजन, रेलवे ने किया शिक्षकों को सम्मानित

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद ने इस कार्यक्रम को भारतीय रेल में अपनी तरह का पहला 'गुरु सम्मान समारोह' बताते हुए कहा कि यह पहल शिक्षकों के सम्मान की एक नई परंपरा शुरू करेगी।
 

रेलवे के द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाकले अधिकारी क्लब में आयोजन

मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने किया सम्मान

चंदौली जिले के मुगलसराय इलाके में शिक्षक दिवस के अवसर पर कई आयोजन हुए। इसी क्रम में डीडीयू (पंडित दीन दयाल उपाध्याय) मंडल द्वारा एक विशेष कार्यक्रम 'गुरु सम्मान समारोह-2025' का आयोजन किया गया। यह समारोह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाकले अधिकारी क्लब में हुआ, जहाँ शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

DDU Railway Division

समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना और विशिष्ट अतिथि पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष चित्रा सिंह थीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शिक्षकों के महत्व को बताते हुए कहा, "शिक्षक हमारे जीवन की नींव हैं। वे माँ के बाद हमारी पहली पाठशाला होते हैं और हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं।" उन्होंने शिक्षकों को समाज का मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण का स्तंभ बताया।

DDU Railway Division

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद ने इस कार्यक्रम को भारतीय रेल में अपनी तरह का पहला 'गुरु सम्मान समारोह' बताते हुए कहा कि यह पहल शिक्षकों के सम्मान की एक नई परंपरा शुरू करेगी। इससे गुरुजनों के प्रति आदरभाव बढ़ेगा और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाले गुरुजन भी प्रोत्साहित होंगे।

DDU Railway Division

इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान, रेलवे इंटर कॉलेज और महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित किड्स कार्नर स्कूल के कुल 10 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उन्हें अंग वस्त्र और मोमेंटो भेंट कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया।

DDU Railway Division

सम्मानित शिक्षकों में ये हैं शामिल
रमेश सिंह यादव, शिवनारायण, प्रकाश चंद्र प्रियदर्शी, राम बचन प्रसाद, शिवेंद्र कुमार, तपोषी चौधरी, रुखसार बानो, कनिज फातिमा, काजल कुमारी और रितु पाल शामिल थीं।

DDU Railway Division

इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, समन्वय अभियंता सूरज कुमार, अन्य शाखा अधिकारी और महिला कल्याण संगठन की सदस्य भी उपस्थित थीं। स्काउट-गाइड के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी अधिक आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के अंत में, सहायक कार्मिक अधिकारी सुमित चटर्जी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*