DDU रेल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026: स्टेशनों से लेकर बेस किचन तक चला व्यापक सफाई अभियान
पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत 3 से 5 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें स्टेशनों, प्रतीक्षालयों, बेस किचन और पैंट्री कारों की गहन सफाई कर व्यवस्था दुरुस्त की गई।
डीडीयू मंडल में विशेष स्वच्छता पखवाड़ा
प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों की गहन सफाई
बेस किचन और पैंट्री कार चेकिंग
विशेष अभियान 6.0 के तहत ई-कचरा निस्तारण
रेल परिसरों को स्वच्छ बनाने की पहल
चंदौली जिले में स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) रेल मंडल में 'स्वच्छता पखवाड़ा-2026' और 'विशेष अभियान 6.0' के अंतर्गत 3 से 5 अक्टूबर तक रेलवे परिसरों में बड़े पैमाने पर गहन सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाना और यात्रियों व रेलकर्मियों की भारी आवाजाही वाले स्थानों को पूरी तरह स्वच्छ रखना था।

प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों और पार्किंग एरिया की विशेष सफाई
अभियान के दौरान मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज (FOB), कॉनकोर्स, सीढ़ियों, मुख्य प्रवेश व निकास द्वारों, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थलों की विशेष रूप से सफाई की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों, नालियों और जल निकासी वाले संवेदनशील इलाकों की सघन सफाई कराकर स्वच्छता व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया गया।
प्रतीक्षालय और रनिंग रूम में आधुनिक मशीनों से हुई सफाई
यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों के प्रतीक्षालय (Waiting Rooms), विश्राम कक्ष (Retiring Rooms) और लोको पायलट व गार्ड्स के रनिंग रूम की विशेष सफाई कराई गई। इस काम में आवश्यकता के अनुसार आधुनिक सफाई मशीनों और उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। रेलवे प्रशासन ने उन जगहों की भी खास निगरानी की, जहां अक्सर कचरा जमा होने की संभावना बनी रहती है।
बेस किचन और पैंट्री कार की हुई सघन जांच व सफाई
स्वच्छता अभियान के तहत यात्रियों के भोजन और खानपान इकाइयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों के बेस किचन, ट्रेनों की पैंट्री कार और अन्य रसोई क्षेत्रों की सघन सफाई की गई। खाना बनाने और रखने की सतहों, बर्तनों, उपकरणों, खाद्यान्न भंडारण क्षेत्रों तथा पानी की निकासी व्यवस्था को साफ और सुरक्षित बनाया गया।
ई-कचरे के निस्तारण और बेहतर स्थान प्रबंधन पर जोर
विशेष अभियान 6.0 के तहत रेलवे परिसरों में बेकार पड़ी अनुपयोगी सामग्री और ई-कचरे (E-waste) का उचित प्रबंधन किया गया। कार्यालयों में जगह के बेहतर इस्तेमाल और लंबे समय से पेंडिंग पड़े कामों का तेजी से निपटारा करने पर जोर दिया गया। मंडल प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाकर रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखने की यह कवायद आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







