जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

DDU मंडल की बड़ी उपलब्धि: ट्रैक्शन पावर व्यवस्था हुई मजबूत, 700 से अधिक ट्रेनों की राह हुई आसान

डीडीयू रेल मंडल में प्रतिदिन औसतन 700 से अधिक ट्रेनों के सुचारु परिचालन के लिए ट्रैक्शन पावर व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच ओएचई तारों के बदलाव, साइडिंग विद्युतीकरण और कुशल बिजली प्रबंधन से सेवाएं अधिक सुरक्षित हुई हैं।

 
 

डीडीयू मंडल में ट्रैक्शन पावर व्यवस्था हुई मजबूत

कॉपर कॉन्टैक्ट वायर से बदले गए पुराने तार

डीडीयू यार्ड और साइडिंग में विद्युतीकरण कार्य पूरा

प्रतिदिन औसतन 700 से अधिक ट्रेनों का परिचालन

कुशल विद्युत प्रबंधन से वितरण कंपनियों को अधिभार नहीं

पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) रेल मंडल में बढ़ते ट्रेन परिचालन के अनुरूप ट्रैक्शन पावर व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय और मजबूत बनाने के लिए लगातार अनुरक्षण एवं सुधार कार्य किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देश में कर्षण वितरण विभाग ने अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच ओवरहेड विद्युत व्यवस्था, पावर सप्लाई इंस्टॉलेशन और साइडिंग विद्युतीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए हैं।

पुराने ओएचई तारों को कॉपर वायर से बदला
इस अवधि में बारुण-डाल्टनगंज खंड में 38.05 किलोमीटर एल्युमिनियम कैटेनरी वायर को कॉपर कॉन्टैक्ट वायर से बदला गया। इसके अलावा पूरे मंडल में 18.77 किलोमीटर ओवरएज कॉन्टैक्ट वायर का भी प्रतिस्थापन किया गया। इससे ओवरहेड विद्युत व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ने के साथ ट्रेन परिचालन में संभावित व्यवधान को कम करने में मदद मिलेगी।

मानसून पूर्व छंटाई और साइडिंग विद्युतीकरण
प्री-मानसून तैयारियों के तहत ओवरहेड विद्युत उपकरणों के आसपास आने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई भी कराई गई। इस दौरान 2,449 पेड़ों और 38,057 शाखाओं की छंटाई की गई। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर कुल 18 किलोमीटर साइडिंग लाइन का विद्युतीकरण पूरा किया गया। इनमें डीडीयू के डाउन मार्शलिंग यार्ड, डाउन डिपार्चर यार्ड, भभुआ रोड डाउन साइडिंग, पहलेजा, पुसौली और दुर्गावती अप साइडिंग के दिल्ली छोर शामिल हैं।

प्रतिदिन 700 से अधिक ट्रेनों का सफल परिचालन
मंडल में वर्तमान में यात्री और मालगाड़ियों को मिलाकर प्रतिदिन औसतन 700 से अधिक ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। इसके अनुरूप विद्युत मांग की लगातार निगरानी कर ट्रैक्शन पावर क्षेत्रों में विद्युत भार का आवश्यकतानुसार प्रबंधन किया जा रहा है। कुशल विद्युत प्रबंधन के चलते चालू वित्तीय वर्ष में अब तक अनुबंधित विद्युत मांग सीमा के भीतर रहने से वितरण कंपनियों को कोई अधिभार नहीं देना पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार इन प्रयासों से सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय ट्रेन परिचालन को और मजबूती मिलेगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*