जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

DDU रेल मंडल का 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार में जलवा: 21 शील्ड पर कब्जा, 16 रेलकर्मी भी सम्मानित

पूर्व मध्य रेल के 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 में डीडीयू मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 शील्ड और जीएम का एफिशिएंसी रनर-अप कप जीता। मंडल के 16 उत्कृष्ट रेलकर्मियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

 
 

डीडीयू रेल मंडल को मिलीं 21 विभागीय शील्ड

महाप्रबंधक का प्रतिष्ठित एफिशिएंसी रनर-अप कप जीता

डीडीयू जंक्शन को बड़े स्टेशनों की क्लीनलीनेस शील्ड

मंडल के 16 उत्कृष्ट रेलकर्मी हुए सम्मानित

डीआरएम उदय सिंह मीना ने शाखा अधिकारियों संग लिया पुरस्कार

 

चंदौली जिले के अंतर्गत आने वाले पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। शुक्रवार को पाटलिपुत्र रेल परिसर में आयोजित 71वें 'विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026' (VRSP-2026) समारोह में डीडीयू मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 21 विभागीय शील्ड पर अपना कब्जा जमाया। इनमें 8 एकल और 13 संयुक्त शील्ड शामिल हैं।

ddu-railway-division-wins-21-shields-vrsp-2026-news

महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सौंपे अवॉर्ड्स

समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक (जीएम) छत्रसाल सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों को विभागीय शील्ड और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए। डीडीयू मंडल की तरफ से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने अपने शाखा अधिकारियों के साथ मंच पर जाकर ये सम्मान ग्रहण किए। इस मौके पर मंडल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की चारों ओर सराहना की गई।

क्लीनलीनेस और ओवरऑल एफिशिएंसी में बाजी मारी

डीडीयू मंडल को सोनपुर मंडल के साथ संयुक्त रूप से महाप्रबंधक का प्रतिष्ठित 'एफिशिएंसी रनर-अप कप' मिला, जबकि धनबाद मंडल के साथ संयुक्त रूप से 'ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड' हासिल हुई। इसके अलावा पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन को बड़े स्टेशनों की श्रेणी में 'क्लीनलीनेस शील्ड' (स्वच्छता शील्ड) प्रदान की गई, जो स्टेशन के सफाई प्रबंधन को दर्शाती है।

इंजीनियरिंग, सिग्नल व अन्य विभागों की बल्ले-बल्ले

परिचालन क्षेत्र में टर्मिनल, पंक्चुअलिटी और फ्रेट लोडिंग एफिशिएंसी शील्ड मिली। इंजीनियरिंग विभाग को ट्रैक मेंटेनेंस शील्ड और एफिशिएंसी में रनर-अप का इनाम मिला। विद्युत विभाग को बेस्ट डीजल शेड और डीडीयू 'सी' लॉबी को बेस्ट लोको क्रू लॉबी शील्ड मिली। इसके अलावा गया को बेस्ट ट्रेन सेट शेड व बेस्ट कोचिंग डिपो तथा डीडीयू को बेस्ट फ्रेट डिपो का अवॉर्ड मिला।

16 रेलकर्मियों को मिला व्यक्तिगत सम्मान

इस अवसर पर डीडीयू मंडल के 16 उत्कृष्ट रेलकर्मियों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए व्यक्तिगत पुरस्कार से नवाजा गया। डीआरएम उदय सिंह मीना ने कहा कि यह उपलब्धि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का नतीजा है। 21 शील्ड और 16 व्यक्तिगत सम्मान यह साबित करते हैं कि मंडल सुरक्षित, समयबद्ध और यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं के लिए लगातार सर्वश्रेष्ठ काम कर रहा है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*