अंधेरे में डूबा पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन, कभी भाजपा विधायकों को लेनी चाहिए सुध
चंदौली के पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में पिछले एक हफ्ते से अंधेरा छाया हुआ है। 20 रुपये का टिकट लेने के बावजूद लोगों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। प्रकाश व्यवस्था ठप होने से पार्क को समय से पहले बंद करना पड़ रहा है।
पड़ाव स्थित स्मृति उपवन में गहराया अंधेरा
एक सप्ताह से ठप है प्रकाश व्यवस्था
20 रुपये एंट्री फीस के बाद भी बदहाली
जहरीले जीवों के डर से पार्क बंद
बिजली की देखरेख के लिए नहीं है इलेक्ट्रिशियन
चंदौली जिले के पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में पिछले एक सप्ताह से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। शासन की ओर से लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद उद्यान की प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। पार्क में रोशनी न होने की वजह से शाम के समय टहलने आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रशासनिक लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों और आने वाले पर्यटकों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

जहरीले जंतुओं का डर, समय से पहले हो रहा बंद
स्थिति यह हो गई है कि शाम ढलते ही पार्क में घना अंधेरा फैल जाता है। ऐसे में झाड़ियों और खुले मैदानों में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा काफी बढ़ गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन को पार्क को तय समय से पहले ही बंद करना पड़ रहा है। नियमों के अनुसार पार्क में सुबह 5:00 बजे से लेकर रात 8:00 बजे तक लोगों के प्रवेश की व्यवस्था तय की गई है। लेकिन लाइट खराब होने की वजह से सुबह उजाला होने के बाद और शाम को अंधेरा होने से पहले ही मुख्य द्वार पर रोक लगा दी जाती है।
इलेक्ट्रिशियन तक नहीं, वैकल्पिक व्यवस्था भी ठप
इतने बड़े और महत्वपूर्ण उद्यान में बिजली व्यवस्था की देखभाल के लिए एक भी स्थायी इलेक्ट्रिशियन की तैनाती नहीं की गई है। हफ्ते भर से प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह ठप रहने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई वैकल्पिक इंतजाम करने को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। अधिकारियों की इस उदासीनता की वजह से पार्क की व्यवस्था दिन-ब-दिन और बिगड़ती जा रही है, जिससे लोग काफी परेशान हैं।
20 रुपये शुल्क वसूलने के बाद भी नहीं मिल रही सुविधा
यह बदहाली तब देखने को मिल रही है जब पार्क में आने वाले हर व्यक्ति से सुविधा के नाम पर 20 रुपये का प्रवेश शुल्क वसूला जाता है। टिकट का पैसा देने के बाद भी लोगों को अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंत्योदय और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की स्मृतियों से जुड़े इस स्थल की विभाग द्वारा पूरी तरह उपेक्षा की जा रही है। लोगों ने मांग की है कि लाइटों को जल्द ठीक कराकर व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







