मुगलसराय के GTR ब्रिज को 6 लेन वाला बनाने की मांग, डीएम के जरिए रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन
मुगलसराय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में भीषण जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने जिलाधिकारी के माध्यम से रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें जीटीआर ब्रिज को सिक्स लेन बनाने की मांग की गई है। पूरी खबर पढ़ें...
जीटीआर ब्रिज सिक्स लेन बनाने की मांग
जिलाधिकारी चंदौली को सौंपा गया ज्ञापन
वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष पाठक की पहल
डीडीयू नगर को मिलेगी जाम से मुक्ति
चंदौली जिले के मुगलसराय ( पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर) में प्रतिदिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से आम जनता को निजात दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सड़कें चौड़ी की जा रही हैं, लेकिन पुल को चौड़ा नहीं किया जा रहा है। इसीलिए जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता और आप नेता संतोष कुमार पाठक ने इस गंभीर समस्या के स्थाई समाधान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

जिलाधिकारी से मिलकर सौंपा ज्ञापन
वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने चन्दौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से देश के रेल मंत्री को संबोधित एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने मुगलसराय के दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के पूर्व दिशा में स्थित पुराने जी.टी. रोड के रेल जीटीआर ब्रिज को सिक्स लेन में तब्दील करने की पुरजोर मांग उठाई है।
यात्रियों की भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या
अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने ज्ञापन के जरिए रेल मंत्री को अवगत कराया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा रेलवे जंक्शन है। यहाँ हर रोज देश के कई राज्यों और विभिन्न जिलों से हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। स्टेशन के पास इतनी भारी चहल-पहल होने के कारण यहाँ हमेशा अत्यधिक भीड़ और दमघोंटू ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
सिक्स लेन सड़क के बीच महज दो लेन का पुल
उन्होंने तकनीकी दिक्कतों को रेखांकित करते हुए बताया कि वर्तमान में रेलवे का यह जीटीआर ब्रिज पुराने जी.टी. रोड (जो अब राज्य मार्ग संख्या 120 है) पर स्थित है और यह सिर्फ दो लेन का ही बना हुआ है। वर्तमान समय में इस ब्रिज के दोनों तरफ की सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके तहत यहाँ सिक्स लेन सड़क का निर्माण होना है। ऐसे में इस दो लेन के संकरे पुल की वजह से भविष्य में भी जाम की स्थिति जस की तस बनी रहेगी।
आगामी कई वर्षों के लिए दूरदर्शी समाधान की मांग
संतोष कुमार पाठक ने रेल मंत्री से पुरजोर मांग की है कि सड़क के चौड़ीकरण को देखते हुए इस रेल जीटीआर ब्रिज को भी जल्द से जल्द सिक्स लेन का बनवाया जाए। इस पुल के सिक्स लेन हो जाने से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को आगामी कई वर्षों तक के लिए ट्रैफिक जाम की विकट समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सकेगी और यात्रियों का सफर सुगम हो जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








