2 महीनों से चल रहा शिव मंदिर निर्माण का विवाद का निकला हल, जमीन की पैमाइश के बाद होगा निर्माण
धपरी में शिव मंदिर का विवाद सुलझा
आबादी की जमीन पर होगा निर्माण
नवरात्रि में शुरू होगा मंदिर निर्माण का काम
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के धपरी गांव में पिछले दो महीनों से चल रहा शिव मंदिर निर्माण का विवाद आखिरकार शांत हो गया है। मुगलसराय एसडीएम और पुलिस के आधा दर्जन इंस्पेक्टर के साथ डीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद यह विवाद हल हुआ। अब गांव की आबादी वाली जमीन पर भव्य शिव मंदिर का निर्माण किया जाएगा।

यह विवाद सावन महीने में तब शुरू हुआ था, जब एक गैर-हिंदू समुदाय द्वारा की जा रही खुदाई के दौरान जमीन से शिवलिंग निकला। इस घटना के बाद, सावन में शिव के प्रकट होने की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और आसपास के लोग वहां पूजा-पाठ करने लगे।
मंदिर निर्माण को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि गांव में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। दो महीने तक चली लंबी बातचीत के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया और दोनों पक्षों से 10-10 लाख रुपये का बांड भरवाया।

सोमवार को हुई बैठक में, दोनों पक्षों ने आपसी रजामंदी से आबादी की जमीन पर मंदिर बनाने का फैसला किया। मंदिर तक जाने के लिए रास्ता भी निर्धारित किया गया है। मंगलवार को जमीन की पैमाइश कर उसे चिह्नित किया जाएगा और वहां से शिवलिंग को लाकर स्थापित किया जाएगा। नवरात्रि के शुभ अवसर पर मंदिर निर्माण का कार्य शुरू करने की योजना है। इस फैसले से दोनों पक्षों में खुशी का माहौल है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






