अब इस गांव में शराब की दुकान हटाने की मांग कर रही हैं महिलाएं, धरना-प्रदर्शन करके दी चेतावनी
मवई कला में देशी शराब की दुकान को लेकर बढ़ा विवाद
चार साल से लेडूआ ग्राम सभा के नाम पर हो रहा संचालन
शराबखोरी से बिगड़े कई परिवारों के हालात
महिलाओं ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर के दुलहीपुर क्षेत्र में मवई कला ग्राम सभा में चल रही देशी शराब की दुकान के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने दुकान के सामने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया और प्रशासन से शराब की दुकान हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह दुकान लेडूआ ग्राम सभा के नाम से दर्ज है, लेकिन बीते चार साल से मवई कला में संचालित की जा रही है। इस वजह से गांव के कई घरों में शराबखोरी बढ़ी है और घरेलू माहौल बिगड़ गया है।
महिलाओं का कहना है कि शराब पीने की लत ने परिवारों को तबाह कर दिया है। लोग शराब के लिए आभूषण और घरेलू सामान तक बेच रहे हैं। वहीं, शराब पीकर आए दिन घरों में मारपीट और कलह हो रही है।
महिलाओं ने बताया कि पिछले साल भी उन्होंने इस दुकान के खिलाफ विरोध किया था। उस समय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि एक महीने के भीतर शराब की दुकान को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
धरना दे रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी।
धरना प्रदर्शन की सूचना पर आबकारी विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को शांत कराने का प्रयास किया।
धरने में हीरावती देवी, कंचन देवी, धीरजा देवी, लालमणि, सीता, कुसुम लता, आशा, सुखिया देवी, सोनी देवी, चंदा देवी, जंजीरा देवी और उर्मिला सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






