मुगलसराय के दुल्हीपुर में पुलिस से भिड़ा मनबढ़, चौकी से चकमा देकर हुआ फरार; तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
मुगलसराय के दुल्हीपुर में मीट दुकान पर नोटिस देने गई पुलिस से अभद्रता करने वाला मनबढ़ युवक पुलिस चौकी से चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
दुल्हीपुर चौकी पर पुलिस से अभद्रता
सिपाही से कहासुनी के बाद हंगामा
मौका पाकर चौकी से फरार युवक
मुगलसराय पुलिस की आरोपी के घर दबिश
सीओ अरुण सिंह ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत दुल्हीपुर चौकी क्षेत्र में शनिवार को पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सावन माह के दौरान शासन द्वारा मीट बिक्री पर जारी निर्देशों के अनुपालन में एक स्थानीय मीट विक्रेता को नोटिस तामील कराने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में क्षेत्र के एक मनबढ़ युवक ने ड्यूटी पर तैनात सिपाही से बेवजह कहासुनी शुरू कर दी।
दुल्हीपुर चौकी पर पुलिस से अभद्रता
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 1, 2026
सिपाही से कहासुनी के बाद हंगामा
मौका पाकर चौकी से फरार युवक
मुगलसराय पुलिस की आरोपी के घर दबिश@mughalsaraicdi @Uppolice @chandaulipolice pic.twitter.com/fFmnHRPXdt
पुलिस चौकी से चकमा देकर भागा आरोपी
मामले की सूचना मिलते ही दुल्हीपुर चौकी प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे और कहासुनी करने वाले मनबढ़ युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले आए। कुछ ही देर बाद युवक के परिजन उसे छुड़ाने के लिए चौकी पहुंच गए। परिजनों के आने से उपजे गहमागहमी के माहौल का फायदा उठाते हुए आरोपी युवक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।

मुगलसराय इंस्पेक्टर ने दी आरोपी के घर दबिश
चौकी से आरोपी के भागने की खबर मिलते ही मुगलसराय कोतवाली इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी के घर पर दबिश दी। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अपना घर छोड़कर पहले ही भाग निकला। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार युवक कोई मीट विक्रेता नहीं है, बल्कि इलाके का स्थानीय मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है जिसकी पहचान कर ली गई है।
सीओ अरुण सिंह का बयान, जल्द होगी गिरफ्तारी
इस पूरे मामले पर सीओ अरुण सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस बल के साथ अभद्रता करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








