जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन की मीटिंग, नितिन गोस्वामी अध्यक्ष और पवन पांडेय महामंत्री निर्वाचित

अध्यक्ष नितिन गोस्वामी ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया और आश्वासन दिया कि वे संगठन को पारदर्शिता, निष्पक्षता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ाएंगे।
 

गुलमोहर होटल में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन की बैठक संपन्न

संगठन की मजबूती और पारदर्शिता पर हुई गंभीर चर्चा

जिले भर के पत्रकारों ने की सक्रिय भागीदारी

चंदौली जिले में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित गुलमोहर होटल में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन (टीवी एंड डिजिटल) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक शशांक पांडेय ने की, जिसमें जिले भर से आए इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की संरचना को सुदृढ़ करना, विचारधारा को स्पष्ट करना और भविष्य की दिशा तय करना रहा।

आपको बता दें कि बैठक की शुरुआत संरक्षक मंडल द्वारा संगठन की मूल विचारधारा, उद्देश्य और कार्यशैली पर चर्चा से हुई। उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को सशक्त बनाने के लिए अपने सुझाव रखे और आपसी संवाद के जरिए एकजुटता का संदेश दिया। विचार-विमर्श के पश्चात सर्वसम्मति से उदय गुप्ता को संरक्षक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही संगठन को मार्गदर्शन देने हेतु वरिष्ठ पत्रकार मनोज त्रिपाठी और चंद्रमौली केसरी को मार्गदर्शक मंडल में शामिल करने पर सभी ने सहमति व्यक्त की।

Electronic Media Journalist

इसके उपरांत संरक्षक और मार्गदर्शक मंडल की अनुशंसा पर संगठन के दो प्रमुख पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई। सर्वसम्मति से नितिन गोस्वामी को संगठन का अध्यक्ष और पवन पांडेय को महामंत्री नियुक्त किया गया। घोषणा के बाद उपस्थित पत्रकारों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर अभिनंदन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अध्यक्ष नितिन गोस्वामी ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया और आश्वासन दिया कि वे संगठन को पारदर्शिता, निष्पक्षता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन सदैव तत्पर रहेगा। महामंत्री पवन पांडेय ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को सक्रिय और प्रभावशाली बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

Electronic Media Journalist

बैठक में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की बढ़ती भूमिका और पत्रकारों के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यह निर्णय लिया गया कि संगठन समय-समय पर संवाद, प्रशिक्षण और कार्यशाला जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करेगा, जिससे युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन और मंच मिल सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में संजय साहू, कमलजीत सिंह, कमलेश गिरी, महेंद्र पटेल, दिनेश यादव, सुधांशु शेखर, विनय तिवारी, रणजीत कुमार सहित जिले के अन्य कई वरिष्ठ और नवोदित पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ और सभी ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*