जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में बढ़ रहे अपराध: ₹50 हजार की रंगदारी न देने पर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज

चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में ₹50 हजार की रंगदारी न देने पर कुछ दबंगों ने एक युवक के घर पर चढ़कर जानलेवा फायरिंग कर दी। अलीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

 
 

अलीनगर के खजूरगांव की घटना

₹50 हजार की मांगी रंगदारी

मना करने पर घर पर फायरिंग

बुलेट से आए थे हमलावर बदमाश

पीड़ित परिवार में भारी दहशत का माहौल

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खजूरगांव में रंगदारी और जानलेवा फायरिंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने मांग पूरी न होने पर पीड़ित के घर पर चढ़कर उस पर पिस्टल से फायर झोंक दिया। इस मामले में गांव के निवासी रितेश कुमार पासवान ने स्थानीय अलीनगर थाने में लिखित तहरीर देकर कुछ युवकों के खिलाफ ₹50,000 की रंगदारी मांगने और जान से मारने की नियत से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस के आला अधिकारियों से जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

extortion-firing-case-alinagar-police-register-fir

क्रिकेट मैच के मामूली विवाद से शुरू हुई रंजिश
पीड़ित रितेश कुमार पासवान द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत करीब एक महीने पहले हुई थी। राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज कमलापुर एकौनी के खेल मैदान में एक क्रिकेट मैच के दौरान रितेश का अंकित यादव और रवि किशन यादव नाम के युवकों से किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया था। आरोप है कि उसी समय दोनों ने रितेश को देख लेने और जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित का कहना है कि इस घटना के बाद से आरोपी शांत नहीं बैठे और वे अलग-अलग अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कर रितेश पर ₹50,000 की रंगदारी देने का दबाव बनाने लगे। पैसे न देने पर फोन पर लगातार गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही थीं।

देर रात बुलेट से पहुंचे बदमाश, छत पर खड़े युवक पर चलाई गोली
घटनाक्रम के मुताबिक, 17 मई की रात को करीब 10:30 बजे आरोपियों का दुस्साहस चरम पर पहुंच गया। अंकित यादव और रवि किशन अपने तीन अन्य अज्ञात साथियों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर रितेश के घर आ धमके। आरोप है कि इन सभी युवकों ने रितेश को फोन करके घर से नीचे बुलाने का प्रयास किया। जब रितेश नीचे नहीं उतरा, तो आरोपियों ने उसके घर का मुख्य दरवाजा जोर-जोर से पीटना और हिलाना शुरू कर दिया।

रितेश ने पुलिस को बताया कि उस समय वह स्थिति को भांपने के लिए अपने घर की छत पर जाकर खड़ा हो गया था। आरोप है कि जैसे ही आरोपियों की नजर छत पर खड़े रितेश पर पड़ी, अंकित यादव ने तुरंत अपनी कमर से पिस्टल निकाली और जान से मारने की नियत से सीधे रितेश पर फायर कर दिया। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख सभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए और दोबारा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इलाके में तनाव, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पीड़ित रितेश कुमार पासवान का पूरा परिवार गहरे खौफ और दहशत के साए में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने आरोपियों को बेहद दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर के आधार पर अलीनगर थाने में सुसंगत धाराओं में आपराधिक मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस क्षेत्र में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*