जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में एक और फर्जीवाड़ा: फर्जी दस्तावेजों पर नौकरी कर रहा था फार्मासिस्ट, FIR के बाद अलीनगर पुलिस कर रही जांच

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फार्मासिस्ट की नौकरी करने का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ चहनियां पीएचसी प्रभारी की तहरीर पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 
 

फर्जी दस्तावेज पर फार्मासिस्ट पर केस

चहनियां पीएचसी प्रभारी ने दर्ज कराया मुकदमा

वाराणसी का निवासी है आरोपी फार्मासिस्ट

साल 2016 से कर रहा था नौकरी

चंदौली जिले के अंतर्गत अलीनगर थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। यहां के भुपौली स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट राजेश कुमार चौधरी के खिलाफ कूटरचित (फर्जी) दस्तावेजों के आधार पर नौकरी प्राप्त करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार की तहरीर पर अलीनगर थाने में की गई है।

वाराणसी का रहने वाला है आरोपी फार्मासिस्ट
विभागीय जांच में सामने आया है कि आरोपी फार्मासिस्ट मूल रूप से वाराणसी का निवासी है। वह वर्ष 2016 से स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर लगातार नौकरी कर रहा था। उसकी पहली नियुक्ति वर्ष 2016 में बलिया जिले में हुई थी और वर्तमान में वह चंदौली के भुपौली स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात था। विभागीय स्तर पर हुई प्रारंभिक जांच के बाद जब मामला संदिग्ध पाया गया, तब पुलिस में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

महानिदेशक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक की ओर से बीते 16 अप्रैल को जारी किए गए कड़े निर्देशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बीते 18 अप्रैल को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश चहनियां के एमओआईसी को दिया था। जांच में दस्तावेजों में गंभीर अनियमितता और संदिग्ध प्रमाण पत्रों के आधार पर नियुक्ति पाने की बात सामने आने पर विभाग ने इसे बेहद गंभीरता से लिया और कानूनी कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी की तहरीर के आधार पर आरोपी फार्मासिस्ट के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दस्तावेजों की सत्यता की जांच के साथ ही आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है।

दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि जांच में आरोप पूरी तरह प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित फार्मासिस्ट के खिलाफ सख्त विभागीय और विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस बाबत चहनियां के एमओआईसी डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि शासन के कड़े निर्देश पर यह मुकदमा दर्ज कराया गया है और विभाग किसी भी स्तर पर फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं करेगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*