फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले AIMIM कार्यकर्ता पर मुकदमा, दरोगा की तहरीर पर करवाई
फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट डालने का आरोप
AIMIM कार्यकर्ता नाजिम अकबर खान पर मुकदमा
मुख्यमंत्री योगी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी
AIMIM से जुड़ा होने की हुई पुष्टि
चंदौली जिले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन कार्यकर्ता नाजिम अकबर खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाब महाल का है, जहाँ आरोपी नाजिम अकबर खान फेसबुक पेज के माध्यम से लगातार विवादित पोस्ट कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, चौकी कूड़ाबाजार प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान इस मामले से अवगत हुए। उन्होंने बताया कि नाजिम अकबर खान ने अपने फेसबुक पेज पर "आई लव मोहम्मद" लिखते हुए ऐसा पोस्ट किया कि मुगलसराय में हमारे लोग इतने डरे हुए हैं कि अगर पुलिस पूछ कर चली जाती है कि आई लव मोहम्मद का बैनर किसने लगाया है तो थोड़ी देर बाद लोग खुद ही बैनर उतार देते हैं। जिससे समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका बढ़ गई।

इतना ही नहीं, आरोपी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे आमजन में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि नाजिम अकबर खान AIMIM से जुड़ा हुआ है और स्थानीय स्तर पर अपनी विचारधारा के लोगों का समर्थन प्राप्त करने का प्रयास करता है। उसके द्वारा किए गए पोस्ट को धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और हिन्दू-मुस्लिम भाईचारे को नुकसान पहुँचाने का कुत्सित प्रयास माना गया।
इस संबंध में मुगलसराय कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानबाजी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







