रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में बन रहा है फायर ब्रिगेड, औद्योगिक विकास निगम पूरा कर रहा है प्रोजेक्ट

रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में जल्द पूरा होगा फायर स्टेशन
250 फैक्टरियों को मिलेगा इस सुविधा का लाभ
4 करोड़ से बनाया जा रहा है फायर स्टेशन
चंदौली जिले में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में इस वर्ष फायर स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा। इससे 250 फैक्टरियों को लाभ होगा। फायर स्टेशन भवन का निर्माण 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास निगम भवन का निर्माण करा रहा है। जून तक चार करोड़ की लागत से भवन का निर्माण किया जा रहा है।

रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और 2 में 250 से अधिक औद्योगिक इकाइयां हैं। गर्मी में अक्सर इनमें आग लगने की घटनाएं अक्सर होती हैं। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र पीडीडीयू नगर से लगभग 10 किमी और वाराणसी से 20 किमी की दूरी पर है। ऐसे में आग लगने की घटना होने पर दोनों स्थानों से दमकल पहुंचने में एक घंटे का समय लग जाता है। दमकल पहुंचने तक आग से लाखों रुपये मूल्य का सामान जल कर नष्ट हो जाता है।
उद्यमियों की मांग पर वर्ष 2022 में रामनगर में फायर स्टेशन स्थापना का प्रस्ताव पास किया गया था। औद्योगिक क्षेत्र कार्यालय और औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी से सटे जमीन पर निर्माण की योजना तैयार की गई। यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट अथारिटी) ने भवन निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश आवास विकास निगम को सौंपी। इसके लिए साढ़े चार करोड़ का इस्टीमेट तैयार किया गया। भवन निर्माण के बाद अग्निशमन विभाग यहां स्टेशन का संचालन करेगा।
दो वर्ष पहले इसका निर्माण शुरू हुआ। वर्तमान में जून माह तक इसे पूरा कर अग्नि शमन विभाग को सौंप दिया जाना है। आवास विकास निगम के अवर अभियंता शशिकांत गोंड ने बताया कि भवन निर्माण 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। यहां सबसे बड़ी दिक्कत दलदली जमीन के कारण हुई थी। इसे पूरा भकर भवन का निर्माण किया गया है।
इस सम्बंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी कुमार रमाशंकर तिवारी ने बताया कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन का भवन तेजी से बन रहा है। यूपीसीडा इसका निर्माण तेजी से करा रहा है। भवन निर्माण होते ही यहां फायर स्टेशन शुरू होगा। इससे औद्योगिक इकाइयों में आग लगने पर वहां तुरंत दमकल पहुंच सकेगा। इससे नुकसान कम होगा।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*