रक्षाबंधन पर मिलावटखोरी पकड़ने के लिए मुगलसराय और चंदौली में ताबड़तोड़ छापे, खोया, पनीर, बटर के 11 सैंपल सील
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए चंदौली खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुगलसराय और चंदौली के मॉल व डेयरियों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। टीम ने पनीर, खोया, दूध और बटर समेत 11 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर कड़ा एक्शन
मुगलसराय और चंदौली में छापेमारी
खोया, पनीर, बटर के 11 सैंपल सील
आईपी मुगल मॉल में भी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त चेतावनी
रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशों पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले भर में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से मिलावटी सामान बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

मॉल से लेकर डेयरियों तक पड़े छापे
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी की अगुवाई में टीम ने मुगलसराय के आईपी मॉल (IP Mughal Mall) स्थित आउटलेट्स पर धावा बोला। यहाँ से टीम ने 4 फ्रूट सिरप, 1 बटर, 1 दूध और 1 क्रीम का सैंपल लिया। इसके बाद टीम इंदिरानगर स्थित यादव डेयरी पहुँची, जहाँ से रक्षाबंधन पर मावे की माँग को देखते हुए खोया, पनीर और दूध के नमूने संकलित किए गए।

शिकायत पर कैली रोड स्थित डेयरी से पनीर सील
इसके अलावा, जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर कैली रोड स्थित एक डेयरी में मिलावटी पनीर बेचने की शिकायत मिली थी। इस शिकायत का तुरंत निस्तारण करने के लिए टीम मौके पर पहुँची और वहां से पनीर का सैंपल सील कर दिया। शुक्रवार को हुई इस पूरी कार्रवाई में दूध, पनीर, खोया, बटर और सिरप समेत कुल 11 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जाँच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेज दिए गए हैं।

मिलावटखोरों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय धीरेंद्र सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि त्योहारों के मौसम में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरी करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







