चंदौली के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी: BA में एडमिशन लेने पर अगले 3 साल तक नहीं देनी होगी कोई फीस
वैश्विक आर्थिक संकट को देखते हुए स्वर्गीय राम विलास सिंह शिक्षण संस्थान ने बीए (BA) के छात्रों के लिए तीनों वर्ष की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क करने की घोषणा की है। सत्र 2026-27 के छात्र इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
बीए में मिलेगी बिल्कुल मुफ्त शिक्षा
अगले तीन साल तक फीस नहीं
वैश्विक आर्थिक संकट पर बड़ा फैसला
सत्र 2026-27 से योजना होगी लागू
तीन प्रमुख महाविद्यालयों में फीस माफ
वर्तमान समय के वैश्विक घटनाक्रमों के कारण पैदा हुए आर्थिक संकट को ध्यान में रखते हुए चंदौली के प्रतिष्ठित स्वर्गीय राम विलास सिंह शिक्षण संस्थान ने छात्र हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। संस्थान के प्रबन्ध निदेशक छत्रबली सिंह ने घोषणा की है कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आने वाली आर्थिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए) पाठ्यक्रम के तीनों वर्षों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क दी जाएगी। छात्रों को अगले 3 साल (सभी छह सेमेस्टर) तक कोई भी शिक्षण शुल्क नहीं देना होगा।
इन तीन प्रमुख महाविद्यालयों के छात्रों को मिलेगा लाभ
प्रबंध निदेशक के इस आदेश के बाद संस्थान के अंतर्गत संचालित निम्नलिखित तीन प्रमुख महाविद्यालयों में बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के शिक्षण शुल्क को पूरी तरह से माफ कर दिया गया है:
एस०आर०वी०एस० महाविद्यालय: तियरी, चकिया, चन्दौली।
एस०आर०वी०एस० महिला महाविद्यालय: पचफेड़वा, मुगलसराय, चन्दौली।
एस०आर०वी०एस० महाविद्यालय: भेलखा, शिवपुर, वाराणसी।
सत्र 2026-27 के प्रवेशार्थियों के लिए सुनहरा मौका
संस्थान प्रबंधन के मुताबिक, उपर्युक्त महाविद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले बीए के सभी शिक्षार्थियों को इस जनकल्याणकारी योजना का सीधा लाभ मिलेगा। यह योजना पूरे तीन वर्ष यानी कि छह सेमेस्टर की अवधि तक पूरी तरह प्रभावी रहेगी। प्रबन्ध निदेशक छत्रबली सिंह के इस सराहनीय कदम की क्षेत्र के अभिभावकों और छात्र-छात्राओं द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है, क्योंकि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का उच्च शिक्षा पाने का सपना अब आसानी से साकार हो सकेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








