दादा की तेरहवीं पर पोते की तालाब में डूबकर मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नित्यक्रिया के लिए दोस्त के साथ गया था बच्चा
आशीष शर्मा की तालाब में डूबने से मौत
मां सोनल शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल
चंदौली जिले के कोरी गांव में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। जहां एक ओर चंदन शर्मा अपने पिता रमेश शर्मा की तेरहवीं का कार्यक्रम कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर उनके 11 वर्षीय बेटे आशीष शर्मा की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना दोपहर में हुई, जब आशीष शर्मा अपने छोटे भाई गोलू और चचेरे भाई बुद्ध के साथ नित्यक्रिया के लिए सिवान में गया था। खेलते-खेलते वे एक तालाब के पास पहुंचे, जहां आशीष का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। यह देखकर गोलू और बुद्ध डर गए और बिना किसी को बताए घर लौट आए। डर और सदमे के कारण उन्होंने परिवार के किसी भी सदस्य को इस घटना की जानकारी नहीं दी।
जब आशीष काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद, गोलू और बुद्ध ने हिम्मत करके घटना के बारे में बताया।
अस्पताल में घोषित किया गया मृत
जानकारी मिलते ही परिवार वाले तुरंत तालाब पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आशीष को बाहर निकाला। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस खबर ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया। पिता चंदन शर्मा अपने पिता के निधन के गम से अभी उबरे भी नहीं थे कि बेटे को खोने का दुख उन्हें सहना पड़ा। मां सोनल शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बेसुध हो गईं। आशीष गांव के प्राथमिक विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंचने लगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







