जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

जीवक हॉस्पिटल हत्याकांड: डॉक्टर पर भी चलाई गोली, ग्रामीणों ने पिस्टल के साथ शूटर को दबोचा, ADG आ धमके पहुंचे मौके पर

चंदौली के अलीनगर स्थित जीवक हॉस्पिटल में इलाज करा रही एक महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बीपी चेक कराने के बहाने आए शूटर ने डॉक्टर पर भी फायरिंग की। ग्रामीणों की बहादुरी से आरोपी पकड़ा गया, जिसके बाद पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

 

अस्पताल में बीपी चेक कराने के बहाने घुसा कातिल

अंबाला निवासी वीरेंद्र ने महिला पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

अवैध पिस्टल और हथियारों के साथ पकड़ा गया आरोपी

एडीजी वाराणसी और एसपी ने किया घटनास्थल का दौरा

हत्या के पीछे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलापुर गांव में स्थित जीवक हॉस्पिटल सोमवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब इलाज के लिए भर्ती एक 55 वर्षीय महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।

बीपी चेक कराने के बहाने अस्पताल में दाखिल हुआ शूटर
मृतक महिला की पहचान बिहार निवासी लक्ष्मीना के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक बीपी चेक कराने के बहाने अस्पताल पहुंचा। उसने बाकायदा पर्ची भी कटवाई, जिस पर अपना नाम वीरेंद्र और पता अंबाला दर्ज कराया था। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह एक सोची-समझी साजिश के तहत अस्पताल में दाखिल हुआ है। जैसे ही उसे मौका मिला, वह महिला के पास पहुंचा और दोनों हाथों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

डॉक्टर पर भी किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने दबोचा
शूटर इतना बेखौफ था कि उसने महिला को निशाना बनाने के बाद वहां मौजूद डॉक्टर पर भी फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि डॉक्टर समय रहते झुक गए और गोली उनके पास से निकल गई। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी वीरेंद्र को अस्पताल के कर्मचारियों और पास के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए घेर लिया। मौके पर पकड़े गए आरोपी की लोगों ने जमकर धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो अवैध पिस्टल, एक धारदार हथियार और नकदी मिली है।

एडीजी पीयूष मोर्डिया और एसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया और चंदौली के एसपी आकाश पटेल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एडीजी ने अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। एडीजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि अपराधी ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।

क्या है हत्या का मकसद? पुलिस की जांच जारी
एसपी आकाश पटेल ने मीडिया को बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी हरियाणा के अंबाला का रहने वाला बताया जा रहा है, लेकिन वह बिहार की महिला की हत्या करने चंदौली क्यों आया, यह अभी सस्पेंस बना हुआ है। पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं पर काम कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*