जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

जेएस पब्लिक स्कूल में सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ, 5 दिवसीय प्रतियोगिता का मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया उद्घाटन

चंदौली के काशिमपुर पांडेपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल में पांच दिवसीय सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। 1 से 5 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में भारत सहित ओमान, कतर, यूएई की 26 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

 
 

जेएस पब्लिक स्कूल में सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

1 से 5 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता, अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 वर्ग में मुकाबले

33 में से 26 टीमों ने लिया हिस्सा, 20 भारतीय और 6 विदेशी टीमें शामिल

350 खिलाड़ी, 55 कोच-मैनेजर, 20 निर्णायक मंडल सदस्य ले रहे हिस्सा

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, एसडीएम राजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अशोक सिंह रहे मौजूद

चंदौली जिले के काशिमपुर, पांडेपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल के परिसर में गुरुवार को पांच दिवसीय सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता एक से पांच अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ ओमान, कतर और यूएई की टीमें भी प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।

js-public-school-national-girls-handball-2026-inauguration

प्रतियोगिता के लिए कुल 33 टीमों को आमंत्रित किया गया था, जिसमें 26 टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें 20 भारतीय और छह विदेशी टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में करीब 350 खिलाड़ी, 55 कोच व मैनेजर तथा 20 निर्णायक मंडल के सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। टीमों का आगमन 29 सितंबर से शुरू हो गया था, जबकि 30 सितंबर को पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की गई। खिलाड़ियों के आवास की व्यवस्था लॉजिस्टिक विभाग और भोजन की व्यवस्था फूड विभाग ने संभाली।

js-public-school-national-girls-handball-2026-inauguration

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसडीएम राजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर मुगलसराय अशोक कुमार सिंह, शिवतपस्या पासवान, तहसीलदार मुगलसराय संदीप सिंह, ऑब्जर्वर महिवर्धन सिंह राठौर तथा टेक्निकल ऑब्जर्वर डॉ. निशांत सिंह शामिल रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कमेटी सदस्य राणा प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

js-public-school-national-girls-handball-2026-inauguration

उद्घाटन समारोह की शुरुआत वेद मंत्रोच्चार और शंखनाद से हुई। मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर मशाल स्थापित की। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने विभिन्न खेलों का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, हल्लाबोल डांस और पीटी डांस की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विधुभूषण सिंह ने विद्यालय की खेल गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि प्रेसिडेंट राणा प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। राष्ट्रगान के बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।

js-public-school-national-girls-handball-2026-inauguration

पहले दिन अंडर-14 में नोजगे पब्लिक स्कूल राजस्थान ने बिरला पब्लिक स्कूल दोहा के खिलाफ 19-2 की बढ़त बनाई। कल्याणी पब्लिक स्कूल महाराष्ट्र ने वेलामल चेन्नई को 8-4 से पीछे किया, जबकि केएन मोदी ग्लोबल स्कूल गाजियाबाद को वॉकओवर मिला। अंडर-17 में महाराजा सवाई भवानी सिंह स्कूल जयपुर ने आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली को 8-6 से हराया। भारत नेशनल पब्लिक स्कूल दिल्ली ने कतर की शांति निकेतन इंडियन स्कूल को 7-3 से तथा आर्मी पब्लिक स्कूल गोपालपुर ने बीपीएस को 14-9 से पीछे किया। अंडर-19 में लक्ष्य पब्लिक स्कूल धांसू ने असम को 12-7 से और मद्रास की टीम ने वेलामल चेन्नई को 15-10 से हराया।

js-public-school-national-girls-handball-2026-inauguration

बताया गया कि जेएस पब्लिक स्कूल को लगातार पांचवीं बार सीबीएसई राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। विद्यालय ने वर्ष 2022 से कबड्डी, हॉकी, खो-खो और हैंडबॉल सहित विभिन्न क्लस्टर, जोनल एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*