पड़ाव के दुर्गा पंडाल में दिखेगी काशी विश्वनाथ मंदिर की झलक
विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा पंडाल
पड़ाव चौराहे पर दुर्गा पूजा की जोरदार तैयारियां
लाइट और झालरों से पंडाल होगा आकर्षक
हर साल नए थीम से होता है पंडाल का निर्माण
चंदौली जिले के पीडीडीयू के पड़ाव में दुर्गा पूजा महापर्व की तैयारियां पड़ाव चौराहे पर जोरों पर हैं। इस बार का पंडाल खास आकर्षण का केंद्र बनेगा, क्योंकि इसमें काशी विश्वनाथ मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। साथ ही पंडाल के ऊपर आदी केशव घाट का दृश्य भी सजाया जा रहा है।
आपको बता दें कि पड़ाव ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा बनाए जा रहे पंडाल का डिजाइन पूरी तरह से वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल निर्माण में पश्चिम बंगाल के दर्जनभर कारीगर एक महीने से लगातार दिन-रात जुटे हैं।
पूजा कमेटी के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि हर साल एक नया थीम तैयार किया जाता है। इस बार काशी विश्वनाथ मंदिर का मॉडल प्रस्तावित किया गया है, जो श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव देगा। वहीं, मिदनापुर (पश्चिम बंगाल) के कीनाराम पाल और उनकी टीम मूर्तियों का निर्माण कर रहे हैं। यह परंपरा पिछले 30 वर्षों से जारी है।
इस बार मां भगवती की प्रतिमा इलेक्ट्रॉनिक स्वरूप में स्थापित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को विशेष अनुभव मिलेगा। सप्तमी, अष्टमी और नवमी को पूजा का विशेष आयोजन होगा।
पंडाल को आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटें और झालरों से सजावट की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही गेट से लेकर पंडाल तक वालंटियर मौजूद रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष गणेश चौरसिया ने बताया कि समिति का प्रयास है कि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के माता के दर्शन कर सकें और आयोजन ऐतिहासिक बने।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






