LBS के छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से रखी मांगें, कहा - निस्तारण नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
LBS कॉलेज छात्रों ने प्राचार्य को सौंपा पत्रक
20 दिन बाद भी नहीं मिले पुस्तकालय और आईडी कार्ड
डिग्री के अतिरिक्त शुल्क पर छात्रों ने उठाए सवाल
मांगों को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन का ऐलान
चंदौली जिले के लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुगलसराय के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को प्राचार्य को पत्रक सौंपकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि सत्र 2025-26 की कक्षाएं शुरू हुए करीब 20 दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक पुस्तकालय कार्ड और पहचान पत्र वितरित नहीं किए गए हैं। इसकी वजह से विद्यार्थियों को पुस्तकें प्राप्त करने और पढ़ाई करने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि छात्रों ने पांच सूत्रीय मांग पत्र में कहा है कि सबसे पहले पुस्तकालय कार्ड और आईडी कार्ड का शीघ्र वितरण हो। साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित योजना के तहत स्मार्टफोन और टैबलेट का भी समय पर वितरण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि डिग्री के लिए जो अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है, उसकी लिखित जानकारी छात्रों को उपलब्ध कराई जाए।
बताते चलें कि फीस संबंधी पारदर्शिता की मांग करते हुए छात्रों ने कहा कि 2025-26 का हाथ संथ शुल्क स्पष्ट रूप से वेबसाइट अथवा फीस रसीद पर अंकित किया जाए, ताकि छात्रों को भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े। इसके अलावा छात्रों ने पिछले सत्र में जमा छात्रसंघ शुल्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उस राशि का उपयोग इस सत्र में छात्रसंघ चुनाव कराने में होना चाहिए। यदि कॉलेज प्रशासन चुनाव कराने में असमर्थ है, तो वह शुल्क छात्रों को वापस किया जाए।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर छात्र नेता आशीष कुमार.अरशान .अजीज महफूज अली, सौरभ कुमार, प्रियांशु पासवान, राकेश रैना. ऋषभ सिंह विमलेश आदि छात्र शामिल रहें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






