मुगलसराय में लुटेरी दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा: मुगलसराय स्टेशन पर पेट दर्द का बहाना कर भाग रही दुल्हन को पुलिस ने दबोचा
मथुरा के युवक से शादी कर 41 हजार रुपये की ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने पकड़ा। मुगलसराय स्टेशन पर पेट दर्द का बहाना बनाकर गैंग भागने की फिराक में थी।
मथुरा के दूल्हे से हुई बड़ी ठगी
चकिया कोर्ट में हुई थी फर्जी शादी
मुगलसराय स्टेशन पर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
पुलिस ने तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा
ठग 41 हजार रुपये लेकर हुए फरार
चंदौली जनपद में शादी के नाम पर धोखाधड़ी और लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मथुरा जिले के रहने वाले छैल बिहारी (पुत्र बृज किशोर शर्मा) ने शादी के लिए कुछ बिचौलियों के माध्यम से बिहार के चेनारी की रहने वाली पुष्पा कुमारी से संपर्क किया था। ठगों ने पीड़ित परिवार को विश्वास में लेकर चंदौली के चकिया बुलाया, जहाँ मंगलवार को चकिया कोर्ट में बाकायदा नोटरी और लिखा-पढ़ी के साथ शादी संपन्न कराई गई। दूल्हा और उसका परिवार इस बात से अनजान था कि वे एक संगठित ठग गिरोह के जाल में फंस चुके हैं।
मुगलसराय स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
शादी की रस्में पूरी होने के बाद, जब दूल्हा छैल बिहारी अपनी नई दुल्हन और अन्य परिजनों के साथ मथुरा जाने के लिए मुगलसराय (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) स्टेशन पहुँचा, तो अचानक दुल्हन ने पेट में तेज दर्द और बुखार का बहाना बनाना शुरू कर दिया। यह सब एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था ताकि भीड़ का फायदा उठाकर भागा जा सके। इसी शोर-शराबे और ड्रामे के बीच, दुल्हन के साथ आए दो पुरुष ठग और तीन अन्य महिलाएं बैग में रखे 41 हजार रुपये नकद लेकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस की कार्रवाई हो गयी शुरू
दुल्हन के अचानक बदले व्यवहार और साथियों के गायब होने पर दूल्हे को शक हुआ। उसने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने लुटेरी दुल्हन पुष्पा कुमारी और उसके साथ मौजूद दो अन्य संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में ले लिया और मुगलसराय कोतवाली ले आई।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह एक संगठित गिरोह लग रहा है जो शादी के नाम पर मोटी रकम ऐंठता है। पुलिस फिलहाल फरार हुए अन्य ठगों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पकड़ी गई महिलाओं से गहन पूछताछ जारी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






