बर्निंग ट्रेन बनने से बची महानगरी एक्सप्रेस, यात्रियों में मचा हड़कंप
व्यासनगर के पास अचानक रुकी महानगरी एक्सप्रेस
एस-2 कोच के चक्के से धुआं और चिंगारी
ब्रेक बाइडिंग से हुई तकनीकी खराबी
यात्रियों में मचा अफरा-तफरी
चंदौली जिले के पड़ाव में सोमवार को वाराणसी कैंट से छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (सीएसटी) जा रही महानगरी एक्सप्रेस एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। व्यासनगर स्टेशन के पास ट्रेन के स्लीपर कोच में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और धुआं व चिंगारी निकलने लगी। गनीमत रही कि समय रहते ट्रेन रोक दी गई और संभावित दुर्घटना टल गई।
आपको बता दें कि सुबह 10.24 बजे महानगरी एक्सप्रेस जैसे ही व्यासनगर स्टेशन के ब्लॉक हट बी के पास पहुंची, तभी एस-2 कोच के चक्के में ब्रेक बाइडिंग की समस्या आ गई। पहिये से तेज धुआं और चिंगारी निकलने लगी। यह नजारा देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबराकर कोच से कूदने भी लगे।
सूचना मिलते ही रेलवे विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कोच की जांच की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी दूर की गई। इस दौरान ट्रेन लगभग 30 मिनट तक व्यासनगर के पास खड़ी रही। बाद में कर्मचारियों की अनुमति मिलने पर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, ब्रेक बाइडिंग की वजह से पहियों में यह समस्या उत्पन्न हुई थी। समय पर कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। वहीं यात्रियों ने रेलवे से अपील की है कि ट्रेनों की तकनीकी जांच और निगरानी को और बेहतर किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







