पहले CO फिर कोतवाल और आखिर में हटाए गए चौकी इंचार्ज मनोज तिवारी, हत्या के बाद से ही चल रहे थे कयास
चंदौली एसपी ने कानून व्यवस्था को धार देने के लिए पांच उपनिरीक्षकों का तबादला किया है। मुगलसराय की चर्चित कूड़ा बाजार चौकी समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नए प्रभारियों की तैनाती की गई है।
मुगलसराय कूड़ा बाजार चौकी की कमान अब विजय राज के हाथ
26 महीने नई बाजार में तैनाती के बाद विजय राज का तबादला
मनोज तिवारी का गैर जनपद स्थानांतरण, कोतवाली से हुए संबद्ध
सकलडीहा की नई बाजार चौकी के प्रभारी बने जनक सिंह
जफरपुरवा चौकी की जिम्मेदारी अब सतीश चंद्र सिंह संभालेंगे
चंदौली जिले में अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य लांघे ने बड़ा कदम उठाया है। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पांच उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में तीन महत्वपूर्ण पुलिस चौकियों के प्रभारी बदले गए हैं, जिसे आगामी चुनौतियों और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
कूड़ा बाजार चौकी पर अब विजय राज का 'राज'
मुगलसराय की सबसे चर्चित और संवेदनशील मानी जाने वाली कूड़ा बाजार चौकी पर उपनिरीक्षक विजय राज को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। विजय राज इससे पहले सकलडीहा थाना क्षेत्र की नई बाजार चौकी पर करीब 26 महीनों तक तैनात रहे, जहाँ उनका कार्यकाल काफी प्रभावशाली रहा। कूड़ा बाजार चौकी के पूर्व प्रभारी मनोज तिवारी को मुगलसराय कोतवाली से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, मनोज तिवारी का गैर जनपद तबादला हो चुका है, जिसके चलते उन्हें वर्तमान पद से मुक्त किया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि इसी चौकी क्षेत्र में दो महीने पहले प्रसिद्ध दवा व्यापारी रोहिताश पाल की हत्या हुई थी, जिसका मुख्य शूटर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
नई बाजार और जफरपुरवा को मिले नए प्रभारी
अलीनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक जनक सिंह को अब सकलडीहा कोतवाली के अंतर्गत नई बाजार चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। जनक सिंह इससे पहले धपरी जैसे संवेदनशील इलाकों में अपनी सेवा दे चुके हैं, जहाँ कानून व्यवस्था बनाए रखने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी क्रम में, बलुआ थाने में तैनात सतीश चंद्र सिंह को अलीनगर थाना क्षेत्र की जफरपुरवा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सतीश चंद्र सिंह पहले भी औद्योगिक नगर की शिवाला चौकी के प्रभारी रह चुके हैं और पंचायत संबंधी मामलों में उनकी पकड़ को देखते हुए उन्हें यह नई पोस्टिंग दी गई है।
जिले के बाहर जाने की है चर्चा
इस फेरबदल में जफरपुरवा चौकी पर तैनात रहे गिरीश चंद्र राय को अलीनगर थाने में अटैच किया गया है। बताया जा रहा है कि मनोज तिवारी की तरह गिरीश चंद्र राय का भी गैर जनपद स्थानांतरण हो गया है। पुलिस अधीक्षक के इस फैसले से महकमे में हलचल तेज है। एसपी आदित्य लांघे ने निर्देश दिए हैं कि सभी नवनियुक्त प्रभारी तत्काल अपने क्षेत्रों में कार्यभार ग्रहण करें और लंबित मामलों के निस्तारण के साथ-साथ रात्रि गश्त और जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







