दुल्हन बोली- मैं ससुराल नहीं जाउंगी...गुलाब जामुन और मुर्गे की टांग बनी झगड़े की जड़

बारात में पहले गुलाब जामुन फिर मुर्गे की टांग के लिए हुआ बवाल
सुबह दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इन्कार
पुलिस और संभ्रांत लोगों ने मामले को निपटाया
चंदौली जिले के दुलहीपुर में रविवार की रात द्वार पूजा के बाद बरातियों की ओर से गुलाब जामुन बर्बाद किए जाने पर घराती और बरातियों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। विवाद किसी तरह शांत हुआ तो बराती मुर्गे की टांग न मिलने पर बवाल करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को समझाकर शांत कराया। उधर, विवाद के निपटारे के बाद सोमवार की सुबह दुल्हन ने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। इस पर वर पक्ष के लोग दुलहीपुर पुलिस चौकी पहुंच गए।

पुलिस और संभ्रांत लोगों ने मध्यस्थता कर मामले का पटाक्षेप किया। बाद में दुल्हन विदाई के लिए राजी हो गई। चकिया थाने के तिलोरी गांव से बरात रविवार को दुलहीपुर के हनुमान मंदिर रोड में आई थी। पुलिस के अनुसार द्वार पूजा की रस्म के बाद जलपान कराते समय कुछ युवा बराती गुलाब जामुन दो की जगह चार-पांच लेकर उसे जमीन पर फेंककर बर्बाद करने लगे। इस पर स्वागत में लगे घरातियों को गुस्सा आ गया।
इस बात पर घराती और बराती पक्ष में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोगों के बीच मारपीट होने लगी। बुजुर्गों द्वारा समझाए जाने पर मामला शांत हो गया। इसके बाद घरातियों द्वारा भोजन के लिए आग्रह किया गया।
इस बीच एक युवक की थाली में मुर्गे की टांग नहीं मिली तो बराती बवाल करने लगे। बवाल बढ़ते देख किसी ने 112 नंबर पर फोन कर सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाकर शांत करा दिया।
उधर, सोमवार की सुबह दुल्हन ने विदाई के समय ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। इस पर नाराज होकर बराती पक्ष दुलहीपुर पुलिस चौकी पहुंच गया और दुल्हन की विदाई की मांग करने लगे। पुलिस व संभ्रांत लोगों ने चार घंटे तक अथक प्रयास कर समझाकर विवाद खत्म कराया। इसके बाद दुल्हन की विदाई हुई।

मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह का कहना है कि पुलिस व संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्ष की दलीलें सुनकर समझाया। इसके बाद दुल्हन विदाई के लिए राजी हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में दोनों पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*