जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के स्कूल में मिड-डे मील की थाली में मिला कीड़ा, BSA ने बैठाई जांच, शिक्षकों में मची खलबली

चंदौली के पीडीडीयू नगर स्थित कंपोजिट विद्यालय पूर्वी बाजार में शुक्रवार को मिड-डे मील में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए सचिन कुमार ने जांच बैठा दी है और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 
 

मिड-डे मील की थाली में मिला कीड़ा

पीडीडीयू नगर कंपोजिट विद्यालय में हड़कंप

बीएसए सचिन कुमार ने बैठाई जांच

एनजीओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

चंदौली जिले के मुगलसराय नगर क्षेत्र से सरकारी स्कूलों में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार  को क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को परोसे गए मिड-डे मील (एमडीएम) के खाने में अचानक कीड़ा निकल आया। थाली में कीड़ा देखते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया।

गाजियाबाद की एनजीओ सप्लाई करती है भोजन
मिली जानकारी के मुताबिक, एनजीओ 'महिला एवं विकास संस्थान, मोदीनगर (गाजियाबाद)' द्वारा हर दिन की तरह शुक्रवार को भी क्षेत्र के कुल 13 सरकारी विद्यालयों में मिड-डे मील का खाना बांटा गया था। इसी दौरान कंपोजिट विद्यालय पूर्वी बाजार (पीडीडीयू नगर) में जब बच्चों को दोपहर का खाना परोसा जा रहा था, तभी एक बच्चे की थाली में कीड़ा तैरता हुआ नजर आया।

बीएसए ने मामले का संज्ञान लेकर बैठाई जांच
मामला सामने आते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने तत्काल घटना का संज्ञान लिया और प्रशासनिक जांच के कड़े निर्देश जारी किए। बीएसए ने साफ शब्दों में कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने चेतावनी दी है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी संस्था, एनजीओ या संबंधित कर्मचारी लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के तत्काल प्रभाव से सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र के अन्य स्कूलों में भी बढ़ी सतर्कता
इस घटना के उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पीडीडीयू नगर और आसपास के अन्य सभी सरकारी विद्यालयों में भी मिड-डे मील की गुणवत्ता, साफ-सफाई और भोजन वितरण प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*