जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

17 साल के छात्र को प्रेम जाल में फंसाकर गुजरात ले गयी थी मैडम, एक मैसेज से युवती हुयी गिरफ्तार

मुगलसराय से स्कूल के लिए निकला 17 वर्षीय छात्र लापता हो गया। जांच में पता चला कि एक युवती उसे प्रेम जाल में फंसाकर गुजरात ले गई थी। छात्र द्वारा चालाकी से लोकेशन भेजने पर पुलिस ने उसे बरामद कर युवती को जेल भेज दिया है।

 
 

स्कूल गया छात्र पहुंचा गुजरात

प्रेम जाल में फंसाने का आरोप

चोरी-छिपे पिता को भेजी लोकेशन

गुंजा नामक युवती हुई गिरफ्तार

पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

 चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ प्रेम जाल में फंसे एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्र को बहला-फुसलाकर गुजरात ले जाने वाली युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मुगलसराय इलाके का रहने वाला यह किशोर 8 मई 2026 की सुबह रोज की तरह अपने स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।

काफी खोजबीन और रिश्तेदारों के यहाँ पता करने के बाद भी जब छात्र का कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आता रहा, तब परेशान परिजनों ने मुगलसराय थाने में इसकी लिखित तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।

जांच में सामने आया प्रेम जाल का सच
मामले की छानबीन के दौरान पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सुराग लगे जिसने परिजनों को भी हैरान कर दिया। पुलिस की इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गहन विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि अलीनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी गुंजा नाम की एक युवती ने छात्र को अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था।

वह नाबालिग किशोर को बहला-फुसलाकर अपने साथ सीधे गुजरात के कच्छ जनपद ले गई थी। वहाँ पहुँचकर युवती ने एक किराये का कमरा लिया और छात्र को अपने साथ रखा। शातिर युवती ने छात्र को सख्त हिदायत दे रखी थी कि वह अपने घरवालों या किसी अन्य परिचित से बिल्कुल भी संपर्क न करे।

छात्र की सूझबूझ और पुलिस का एक्शन
गुजरात में बंधक जैसी स्थिति में रह रहे नाबालिग छात्र ने कुछ दिन बाद मौका पाकर एक पड़ोसी के मोबाइल फोन का इंतजाम किया। उसने फौरन अपने पिता को गुप्त रूप से फोन लगाया और अपनी सटीक लोकेशन साझा कर दी।

लोकेशन मिलते ही परिजन तुरंत पुलिस की मदद से गुजरात के कच्छ पहुँचे और छात्र को सकुशल बरामद कर वापस चंदौली लेकर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुगलसराय पुलिस ने दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी कर दी।

इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्ता गुंजा को नई बस्ती अलीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*