मुगलचक और इस्टर्न बाजार में विधायक रमेश जायसवाल ने सड़कों के निर्माण का किया शिलान्यास
मुगलचक और इस्टर्न बाजार में सड़क शिलान्यास का आयोजन
विधायक विकास निधि से 16 लाख रुपये की स्वीकृति
वार्ड 9 और 17 को मिलेगा इंटरलॉकिंग सड़कों का लाभ
चंदौली जिले के मुगलसराय में नगर पालिका क्षेत्र के मुगलचक वार्ड और इस्टर्न बाजार की जर्जर सड़कों के दिन अब बहुरने वाले हैं। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को संज्ञान में लेते हुए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने गुरुवार को दोनों स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य विधायक विकास निधि से 16 लाख रुपये से अधिक की लागत से कराया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में हुआ शिलान्यास
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और वरिष्ठ जनों की उपस्थिति रही। सभी ने सड़क की हालत सुधारने को लेकर विधायक का आभार जताया। कार्यक्रम में रामप्रताप सिंह, राजेश सिंह, मुन्नू चौहान, संजय चौहान, अमर बहादुर सिंह, विभूति जायसवाल, अशोक जायसवाल, अजय गुप्ता, संजय पासवान और विधायक प्रतिनिधि संजय कन्नौजिया समेत कई लोग मौजूद रहे।
वार्ड 9 और 17 को मिली सौगात
विधायक ने जानकारी दी कि वार्ड नंबर 9, मुगलचक में 9 लाख 98 हजार रुपये की लागत से तथा वार्ड नंबर 17, इस्टर्न बाजार में 6 लाख 84 हजार रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।
विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि उनका प्रयास है कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों और विकास की गति निरंतर आगे बढ़े। उन्होंने बताया कि सड़क, जल निकासी, रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







