जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नियामताबाद में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने लगाया "एक पेड़ मां के नाम", पर्यावरण बचाने के लिए जनता से की भावुक अपील ​​​​​​​

चंदौली के नियामताबाद में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत तालाब किनारे पौधे रोपे। उन्होंने अफसरों को स्कूलों, अस्पतालों और आंगनबाड़ियों में वृहद वृक्षारोपण कराने के कड़े निर्देश दिए।


 
 

सांसद दर्शना सिंह ने किया पौधारोपण

नियामताबाद तालाब पर लगा पौधा

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान

यूपी में 35 करोड़ का रिकॉर्ड

अफसरों को दिए वृक्षारोपण के निर्देश

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में चल रहे ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चंदौली जिले में भी हरियाली की नई बयार बह रही है। इसी क्रम में आज शाम चंदौली के नियामताबाद में स्थित एक तालाब पर राज्यसभा सांसद और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह ने खुद पौधा लगाया। वन विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सांसद ने आम और अमरूद के पौधे रोपकर सभी को पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया।

mp-darshana-singh-ek-ped-maa-ke-naam-campaign-news

पीएम मोदी के आह्वान पर देश में बढ़ी भागीदारी
इस मौके पर आम जनता और कर्मियों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के एक इशारे पर आज पूरा देश इस मुहिम में बढ़-चढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों और आम नागरिकों से भावुक अपील की कि वे अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और धरती को हरा-भरा बनाने में अपना अहम योगदान दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब हमारा पर्यावरण संतुलित होगा, तभी हमारा जीवन भी सुरक्षित रह पाएगा।

सरकारी परिसरों में वृहद वृक्षारोपण करने के निर्देश
पर्यावरण के प्रति गंभीर रुख अपनाते हुए सांसद दर्शना सिंह ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्कूलों, अस्पतालों और आंगनबाड़ियों में विशेष अभियान चलाया जाए और खाली पड़ी जमीनों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को शुद्ध हवा और सुरक्षित माहौल देने के लिए यह कदम उठाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

यूपी में 35 करोड़ पौधों के रिकॉर्ड पर जताया आभार
सांसद ने गौरव महसूस कराते हुए जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को एक ही दिन में 35 करोड़ पौधरोपण का एक बड़ा लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन प्रदेश ने इसके सापेक्ष उससे कहीं अधिक पौधों को जमीन में रोपने का नया रिकॉर्ड बनाया है। इस बड़ी सफलता के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी नियामताबाद, वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*