मुगलसराय में झगड़े के बाद मियां-बीवी ने पी लिया फिनायल: गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते रविवार की सुबह पति-पत्नी ने फिनायल पी लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उन्हें राजकीय महिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां अब हालत खतरे से बाहर है।
मुगलसराय में घरेलू कलह से तंग दंपति ने पिया फिनायल
पहले पति सोनू और फिर पत्नी निधि ने पी लिया जहर
राजकीय महिला अस्पताल में आनन-फानन में कराया गया भर्ती
थानाध्यक्ष विजय प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे
डॉक्टरों के मुताबिक प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पारिवारिक विवाद और घरेलू कलह के चलते रविवार की सुबह एक पति-पत्नी ने फिनायल पी लिया। बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पहले पति ने फिनायल गटक लिया। यह देखते ही पत्नी ने भी वही कदम उठाते हुए फिनायल पी लिया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के तुरंत बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों और आसपास के लोगों को जैसे ही मामले की जानकारी हुई, घर में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए मुगलसराय स्थित राजकीय महिला अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित दंपति की पहचान कस्बा क्षेत्र के लाठ नंबर-2 निवासी सोनू जायसवाल (34 वर्ष) और उनकी पत्नी निधि जायसवाल (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। शुरुआती जांच में घटना की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद ही मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इलाज के बाद हालत खतरे से बाहर
राजकीय महिला अस्पताल के डॉक्टरों ने समय रहते दोनों का इलाज शुरू कर दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि अब सोनू और निधि दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और स्थिति सामान्य होने पर पुलिस उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








