पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय के पौत्र की कार से लैपटॉप चोरी, मोबाइल ट्रैकिंग से PPDU जंक्शन के पास बरामद
मुगलसराय के नई सट्टी में पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय के पौत्र की कार से उचक्कों ने लैपटॉप चुरा लिया। हालांकि, मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लैपटॉप पीडीडीयू जंक्शन के पास बरामद कर लिया गया।
पूर्व मंत्री के पौत्र का लैपटॉप चोरी
नई सट्टी में उचक्कों ने बनाया निशाना
मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम से मिला लैपटॉप
पीडीडीयू जंक्शन के पास फेंका मिला बैग
मुगलसराय पुलिस ने त्वरित बरामदगी की
घोसी लोकसभा सीट से चार बार सांसद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पौत्र अनंत नारायण राय मंगलवार रात कैलाशपुरी स्थित अपने नाना के घर आए थे। रात करीब 9:30 बजे वह नई सट्टी इलाके में कार खड़ी करके फल खरीदने चले गए। इसी बीच अज्ञात उचक्के ने मौका पाकर कार की डिग्गी में रखा उनका कीमती लैपटॉप पार कर दिया।
डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस हुई सक्रिय
कार से लैपटॉप चोरी होने का अहसास होते ही अनंत नारायण राय ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुगलसराय कोतवाली पुलिस और कूड़ा बाजार चौकी पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम ने कराई सटीक लोकेशन की पहचान
सौभाग्य से चोरी हुआ लैपटॉप पीड़ित के मोबाइल से कनेक्टेड था और उसमें ट्रैकिंग सिस्टम एक्टिव था। कुछ ही देर में मोबाइल पर उसकी लोकेशन पीडीडीयू जंक्शन के पार्सल गेट के पास दिखाई देने लगी। पुलिस टीम तुरंत लोकेशन का पीछा करते हुए मौके पर पहुंची। स्टेशन के पास सड़क के डिवाइडर में बैग के साथ लैपटॉप पड़ा मिला, जिसे उचक्के ट्रैकिंग के डर से फेंककर फरार हो गए थे।
पुलिस ने बरामद कर सौंपा लैपटॉप, लोगों में बढ़ी चिंता
मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लैपटॉप सुरक्षित बरामद कर अनंत नारायण राय को सौंप दिया है। हाल ही में यूनियन बैंक के बाहर हुई 50 हजार की टप्पेबाजी के बाद लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








