जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल का शिलान्यास पत्थर तोड़ा, छलका दर्द- 'मेरे काम से इतनी नफरत क्यों?'

चंदौली के मुगलसराय से भाजपा विधायक रमेश जायसवाल द्वारा शिलान्यास किया गया शिलापट्ट असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। इस घटना के बाद विधायक भावुक हो गए हैं, वहीं समर्थकों और आम जनता में भारी आक्रोश है।
 

नियामताबाद से सिरसी मार्ग का शिलापट्ट तोड़ा

74 लाख की सड़क का हुआ था शिलान्यास

मुगलसराय विधानसभा में अब तक 7 पत्थर टूटे

विधायक रमेश जायसवाल ने बयां किया दर्द

सोशल मीडिया पर फूटा समर्थकों का गुस्सा

 चंदौली जिले की मुगलसराय विधानसभा सीट से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ भाजपा विधायक रमेश जायसवाल द्वारा कुछ दिन पहले ही "नवनिर्माण योजना" के तहत शिलान्यास किए गए एक शिलापट्ट को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ दिया गया। यह मामला "नियामताबाद से सिरसी मार्ग" का है, जो पहली बार बन रहा है। लगभग 74 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास विधायक ने स्थानीय जनता के हाथों से कराया था। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र के राजनैतिक और सामाजिक माहौल में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

काम से परहेज क्यों? छलका विधायक का दर्द
अपने काम के प्रतीक को इस तरह टूटा देख विधायक रमेश जायसवाल का दर्द सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह हमारी मेहनत का पारिश्रमिक मिला है। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि किन लोगों को मेरे काम से इतनी नफरत है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधि का चयन क्षेत्र के विकास और काम के लिए ही किया जाता है, तो फिर मेरे काम से परहेज क्यों है? उन्होंने आगे कहा कि खैर, ईश्वर और उनकी देवतुल्य जनता ही इस कृत्य का न्याय करेगी।

अब तक तोड़े जा चुके हैं कुल 7 शिलापट्ट
इस घटना के बाद विधायक के समर्थकों और आम जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समर्थक संजय कन्नौजिया ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि कुछ लोगों को भाजपा का विकास पच नहीं रहा है। उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 7 शिलापट्ट तोड़े जा चुके हैं, जिसमें माननीय विधायक सुशील सिंह जी के भी 2 शिलापट्ट शामिल हैं। राजनीति का इतना घटिया स्तर बिल्कुल भी ठीक नहीं है। वहीं लाल बहादुर, अंकुर जय, पंकज शर्मा और लक्ष्मी गुप्ता जैसे स्थानीय नागरिकों ने इसे स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बाधक बताते हुए कहा कि विचारों में मतभेद हो सकता है, लेकिन इस तरह का कृत्य पूरी तरह से निंदनीय है।



जनता के दिलों पर राज करता है काम
छात्रसंघ के उपाध्यक्ष सचिन जायसवाल ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी सिर्फ शिलापट्ट ही तोड़ सकते हैं, लेकिन रमेश जायसवाल युवाओं और भाईयों के दिलों पर राज कर रहे हैं, उसे कैसे निकाल पाएंगे? उन्होंने कहा कि विधायक जी का काम बोलता है और जनता सब जानती है। देवेंद्र प्रधान ने भी इसे केवल आपसी जलन का नतीजा बताया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतों से विकास का कारवां रुकने वाला नहीं है और तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*