जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

अखाड़े में जमा पहलवानों का मेला, नागपंचमी पर 5000 दर्शकों के सामने दिखाए दांव-पेच

नागपंचमी के अवसर पर मुगलसराय के ढाणी अखाड़े में भव्य विराट कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। दिल्ली, हरियाणा और पूर्वांचल के नामी पहलवानों ने 51 हजार की कुश्ती के लिए जोर आजमाया। जानिए दंगल की पूरी रिपोर्ट!

 
 

मुगलसराय में विराट कुश्ती दंगल आयोजित

51 हजार रुपये की कुश्ती रही आकर्षण

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहलवानों के दांव-पेच

करीब 5 हजार दर्शकों की उमड़ी भीड़

गरीब बच्चों को मिलता है फ्री प्रशिक्षण

चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित डाड़ी अखाड़े में नागपंचमी के पावन अवसर पर  श्री कृष्ण व्यायामशाला की ओर से विराट कुश्ती दंगल का शानदार आयोजन किया गया। इस दंगल को देखने के लिए करीब पांच हजार खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों की तालियों और शोर से पूरा अखाड़ा परिसर दिनभर गूंजता रहा।

mugalsarai-nagpanchami-kushti-dangal-event-details

देशभर से पहुंचे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहलवान

इस विराट दंगल में केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि दिल्ली, हरियाणा और पूर्वांचल के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने हिस्सा लिया। अखाड़े में उतरकर जब पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव-पेच दिखाए, तो दर्शक झूम उठे। हर दांव पर लोगों ने पहलवानों का जमकर उत्साह बढ़ाया।

mugalsarai-nagpanchami-kushti-dangal-event-details

51 हजार की कुश्ती रही मुख्य आकर्षण

दंगल के आयोजक, अंतरराष्ट्रीय पहलवान व एनआईएस कुश्ती कोच कृष्ण कुमार उर्फ कन्हैया पहलवान ने बताया कि नागपंचमी पर हर साल अखाड़े में यह पारंपरिक प्रतियोगिता कराई जाती है। इस बार 51 हजार और 41 हजार रुपये की इनामी कुश्तियां मुख्य आकर्षण रहीं। इसके अलावा 21 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये के कई अन्य मुकाबले भी कराए गए।

गरीब बच्चों को दिया जाता है मुफ्त प्रशिक्षण

कन्हैया पहलवान ने बताया कि श्री कृष्ण व्यायामशाला में आसपास के करीब 10 से 20 गांवों के गरीब परिवारों के बच्चों को बिल्कुल मुफ्त कुश्ती सिखाई जाती है। उनका मकसद गांव-देहात की छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है, ताकि वे देश का नाम रोशन कर सकें।

सरकार से कोच और सुविधाओं की मांग

आयोजकों ने सरकार से अखाड़े के विकास और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की अपील की है। कन्हैया पहलवान ने कहा कि अगर सरकार यहां एक सरकारी प्रशिक्षित कोच तैनात कर दे, तो इस इलाके से और भी बेहतरीन पहलवान तैयार होकर देश के लिए मेडल ला सकते हैं।

इस दौरान बाबूलाल यादव, महेंद्र प्रधान, लालबाबू, राम उग्रह, सुरेश, छब्बू पटेल, चंद्रशेखर यादव और राजकुमार जायसवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*