साथ जहर खाने से पत्नी की मौत, अस्पताल में भर्ती पति रहस्यमय तरीके से फरार हुआ पति
मुगलसराय के सराय छोटू गांव में घरेलू कलह के बाद पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति अस्पताल से चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अब फरार पति की तलाश में जुट गई है।
मुगलसराय में पति-पत्नी ने खाया जहरीला पदार्थ
वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में पत्नी की हुई मौत
अस्पताल में भर्ती पति अचानक हुआ फरार
मृतका के मायके पक्ष ने दी तहरीर
फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित सराय छोटू गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू कलह से तंग आकर पति और पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में इलाज के दौरान पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में भर्ती पति सोमवार देर रात अस्पताल से अचानक गायब हो गया। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
ट्रॉमा सेंटर में चल रहा था इलाज
मिली जानकारी के मुताबिक, सराय छोटू गांव के रहने वाले 26 वर्षीय अजय यादव और उसकी 23 वर्षीया पत्नी सपना के बीच रविवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां इलाज के दौरान सपना ने दम तोड़ दिया, जबकि अजय का इलाज जारी था।
अस्पताल से अचानक गायब हुआ पति
इसी बीच सोमवार देर रात अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया, जब गंभीर रूप से भर्ती अजय यादव अचानक अपने बेड से गायब हो गया। उसके फरार होने की खबर मिलते ही परिजन और अस्पताल प्रशासन उसे ढूंढने में जुट गए। काफी खोजबीन और छानबीन करने के बाद भी अजय का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतका सपना के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस दुखद घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मायके पक्ष की तहरीर पर दर्ज होगा मुकदमा
इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल से पति के गायब होने की आधिकारिक सूचना मिली है। मृतका के मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीम फरार युवक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








