जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

मुगलसराय के निर्माणाधीन अपार्टमेंट में तैनात गार्ड की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

चंदौली के मुगलसराय में निर्माणाधीन अपार्टमेंट के गार्ड शेखर चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर शव सड़क पर रख चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 
 

निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की संदिग्ध मौत

परिजनों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप

सड़क पर शव रखकर लगाया लंबा जाम

आलूमिल निवासी शेखर चौहान की हुई मौत

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित न्यू महाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात 30 वर्षीय शेखर चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शेखर अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल का रहने वाला था और पिछले करीब डेढ़ साल से इस अपार्टमेंट में गार्ड की नौकरी कर रहा था।

रविवार देर शाम वह अपार्टमेंट परिसर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने मौके से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल शेखर के मोबाइल से डायल 112 और उसकी पत्नी गीता को फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में हुई मौत 
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत इलाज कराने की सलाह दी। परिजन आनन-फानन में शेखर को गोधना स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। जैसे ही मौत की खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का कहना है कि शेखर के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ लगता है कि उसके साथ मारपीट की गई है।

परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
 सोमवार को जब शेखर का शव घर पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आलूमिल के पास शव को सड़क पर रख दिया और चकिया-मुगलसराय मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने के कारण गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मुगलसराय एसडीएम और अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने उग्र परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।

 पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 
मामले को लेकर मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के गिरने से घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी कागजी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*