चकिया तिराहा पर पुलिस चौकी के पास नशेडियों का डेरा, व्यापारियों ने CO से लगाई सुरक्षा की गुहार
चंदौली के मुगलसराय स्थित चकिया तिराहे पर पुलिस सहायता केंद्र के पास पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध कब्जे और नशेडियों के जमावड़े से व्यापारी परेशान हैं। आए दिन गाली-गलौज और मारपीट से आजिज आकर व्यापारियों ने क्षेत्राधिकारी को पत्र सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
चकिया तिराहा पर सुरक्षा की मांग
पुलिस पिकेट के पास अवैध कब्जा
दिन-रात नशेडियों का लगा जमावड़ा
व्यापारियों को जान से मारने की धमकी
सीओ अरुण सिंह को सौंपी तहरीर
चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र स्थित चकिया तिराहा पर इन दिनों व्यापारी और राहगीर खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि जहां पुलिस सहायता केंद्र बना हुआ है, ठीक उसी के बगल में लोक निर्माण विभाग (PWD) की सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस झोपड़ी में दिन-रात संदिग्ध और अवांछित तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।
मुगलसराय के चकिया तिराहा पर नशेड़ियों का आतंक
— Vijay Kumar Tiwari (@vijayku49133779) August 4, 2026
पुलिस पिकेट के पास अवैध कब्जा
दिन-रात नशेडियों का लगा जमावड़ा
व्यापारियों को जान से मारने की धमकी@mughalsaraicdi @chandaulipolice @Uppolice @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/PpPsgW3fPj
गांजा, स्मैक और शराब का खुला खेल
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि इस अवैध कब्जे वाली जगह पर खुलेआम नशीले पदार्थों जैसे गांजा, हीरोइन और शराब का सेवन किया जाता है। नशे में धुत होकर ये अराजक तत्व रास्ते से गुजरने वाले आम लोगों और आसपास के दुकानदारों के साथ आए दिन अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। जब कोई व्यापारी इनका विरोध करता है, तो ये दबंग धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हैं।
डायल-112 से भी नहीं मिली राहत
व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने इस गुंडागर्दी और नशेबाजी की शिकायत कई बार आपातकालीन सेवा Dial-112 और स्थानीय पुलिस से की, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लगातार हो रही अनदेखी के कारण इन नशेडियों और मनबढ़ों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सीओ अरुण सिंह से न्याय की गुहार
सुरक्षा की गुहार लेकर व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण सिंह से मिला। व्यापारियों ने उन्हें एक विस्तृत लिखित तहरीर सौंपकर पूरी समस्या से अवगत कराया। पत्र में मांग की गई है कि झोपड़ी में रहने वाले और वहां जुटने वाले संदिग्ध लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की पुलिस अभिलेखों से गहन जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त से सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाए।
अवैध कब्जा हटाने और सुरक्षा की मांग
व्यापारियों ने सीओ से गुहार लगाई है कि पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन से तुरंत अवैध कब्जा हटवाया जाए ताकि नशेडियों का अड्डा खत्म हो सके। इसके साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर चकिया तिराहा के दुकानदारों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस दौरान शिकायत करने वालों में व्यापारी नंदलाल जायसवाल, मनोज, सलमान, लक्ष्मण, सुनील, शकील और रामचंद्र सहित आधा दर्जन से अधिक प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








