Road Accident Death: मुगलसराय में नायरा पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा, 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत
चंदौली के मुगलसराय में शनिवार रात नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रामा सेंटर ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
मुगलसराय में नायरा पेट्रोल पंप पास हादसा
शनिवार रात करीब 10 बजे हुई दुर्घटना
बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौत
मृतक की पहचान अनिमेष मिश्रा रूप हुई
ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित
चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दांडी स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने शनिवार रात करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था और तत्काल उसके इलाज की व्यवस्था शुरू की गई।
सिर और गर्दन में आई थीं गंभीर चोटें
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तो पाया कि घायल युवक के सिर और गर्दन में काफी गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, उसकी मोटरसाइकिल दुर्घटनास्थल से काफी दूर सड़क पर गिरी हुई पड़ी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए एंबुलेंस बुलवाई और घायल युवक को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
दुल्हीपुर निवासी अनिमेष मिश्रा के रूप में हुई पहचान
हादसे की खबर फैलते ही युवक के परिजन भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने घायल युवक की पहचान मुगलसराय थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्हीपुर निवासी स्वर्गीय सुरेश मिश्रा के 26 वर्षीय पुत्र अनिमेष मिश्रा के रूप में की। इसके बाद जलीलपुर पुलिस परिजनों के साथ युवक को तत्काल ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद ट्रामा सेंटर के डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिमेष को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
युवक की इस तरह अचानक और असमय मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे को खोने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दूसरी ओर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह सड़क हादसा किन परिस्थितियों में और कैसे हुआ।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







