जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय में आज से गरज सकता है बुलडोजर, बवाल करने वाले इन 9 लोगों को नोटिस

मुगलसराय में जीटी रोड फोरलेन निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने की तैयारी तेज हो गई है। विरोध की आशंका को देखते हुए एसडीएम ने 9 व्यापारियों को 5-5 लाख रुपये से पाबंद करते हुए कोर्ट में तलब किया है।
 

जीटी रोड फोरलेन निर्माण में बाधक अतिक्रमण

मुगलसराय के 9 व्यापारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई

एसडीएम कोर्ट द्वारा 5-5 लाख रुपये का नोटिस

आज से बुलडोजर चलने की प्रबल संभावना

एक वर्ष तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

चंदौली जनपद अंतर्गत मुगलसराय में जीटी रोड फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। पीडब्ल्यूडी (PWD) द्वारा प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान में बाधा डालने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उप जिलाधिकारी (SDM) पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर ने क्षेत्र के 9 प्रमुख व्यापारियों को 5-5 लाख रुपये के मुचलके से पाबंद करते हुए तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।

शांति भंग की आशंका और प्रशासनिक नोटिस
कोतवाली मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक की आख्या के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जीटी रोड फोरलेन निर्माण के मार्ग में आने वाले अतिक्रमण को हटाया जाना है। इस दौरान कुछ व्यापारियों द्वारा विरोध करने और शांति व्यवस्था भंग करने की प्रबल संभावना जताई गई है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसडीएम कोर्ट ने धारा 126/135 बीएनएसएस (BNSS) के तहत नोटिस जारी किया है।

पाबंद किए गए लोगों में चन्देश्वर जायसवाल, राजीव जायसवाल, वरूण जायसवाल, अंकुर जायसवाल, सौरभ जायसवाल, सरदार सर्वजीत सिंह, कुन्दन सिंह, चन्द्रभूषण मिश्रा और सरदार सतनाम सिंह शामिल हैं।

Chandauli news Mughalsarai encroachment, Chandauli khabar GT Road widening, Chandauli samachar trader notice, SDM Mughalsarai action news, Chandauli administration bulldozer drive 2026
व्यापारियों व अधिवक्ताओं के साथ वार्ता करते अधिकारी

एक साल के लिए पाबंद
प्रशासन ने इन सभी व्यापारियों को आदेश दिया है कि वे 30 अप्रैल 2026 को सुबह 10:30 बजे न्यायालय में उपस्थित होकर कारण बताएं कि उनसे एक वर्ष तक शांति बनाए रखने के लिए 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत बंध पत्र और उतनी ही धनराशि की दो विश्वसनीय प्रतिभूति क्यों न ली जाए। यदि ये लोग शांति भंग करते हैं, तो उक्त धनराशि प्रशासन द्वारा वसूल की जाएगी।

आज से बुलडोजर गरजने की प्रबल संभावना
सूत्रों की मानें तो इस कानूनी घेरेबंदी के बाद प्रशासन गुरुवार से जीटी रोड पर अवैध निर्माणों और अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने की पूरी तैयारी में है। पुलिस रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि आरोपियों द्वारा विरोध प्रदर्शन से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो सकता है, जिसे नियंत्रित करने के लिए यह अग्रिम कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती भी कर सकते हैं।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*