जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

गंगा नहाने गए युवक के डूबने की आशंका, घाट पर लावारिस मिली साइकिल और कपड़े

चंदौली के मुगलसराय में गंगा स्नान करने गए एक युवक के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। शनिवार सुबह घाट पर युवक की साइकिल और कपड़े मिलने के बाद पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी है।

 
 

कुंडा खुर्द गंगा घाट पर मिली साइकिल

युवक के डूबने की बड़ी आशंका

सुबह 5 बजे पुलिस को सूचना

गोताखोरों द्वारा नदी में सर्च ऑपरेशन

मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर तैनात

 चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। शनिवार की तड़के सुबह करीब 5 बजे, कुंडा खुर्द गांव के पास गंगा घाट पर ग्रामीणों ने कुछ लावारिस सामान देखा।  घाट पर एक साइकिल, टोपी और कपड़े पड़े हुए थे, जिसे देख लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

युवक की तलाश में जुटी पुलिस 
ग्रामीणों की सूचना मिलते ही डायल 112 और मुगलसराय कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।  घाट पर मिले सामान को देखने के बाद आशंका जताई जा रही है कि कोई युवक गंगा में नहाने उतरा था और गहरे पानी में जाने की वजह से डूब गया है।  पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों को बुलाया है।

गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी 
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
 गोताखोर गंगा की लहरों में युवक की तलाश कर रहे हैं।  अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन घाट पर मिली साइकिल और कपड़ों के जरिए आसपास के गांवों में शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।

इलाके में पसरा सन्नाटा 
इस घटना के बाद से ही कुंडा खुर्द और आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है।  ग्रामीण इस बात से चिंतित हैं कि आखिर वह युवक कौन था और कहां का रहने वाला था। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से जांच कर रहे हैं और जल्द ही युवक के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*