मुगलसराय बाजार में अतिक्रमण पर एक्शन : सड़कों से हटे अवैध ऑटो और ठेले, 40 से ज्यादा गाड़ियां सीज
चंदौली के सबसे व्यस्त मुगलसराय बाजार को भीषण जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिस ने महाअभियान शुरू किया है। एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर ट्रैफिक सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमणकारियों पर कानूनी डंडा चलाया है।
मुगलसराय बाजार में महाअभियान की शुरुआत
एसपी आकाश पटेल का कड़ा रुख
ट्रैफिक सीओ कृष्णमुरारी शर्मा को कमान
अतिक्रमण और अवैध ऑटो स्टैंड पर कार्रवाई
नियम तोड़ने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा
मुगलसराय बाजार को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिस का महाअभियान
चंदौली जिले के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार मुगलसराय बाजार को भीषण जाम और अव्यवस्था से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। जिले के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के कड़े रुख के बाद मंगलवार को बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध ऑटो स्टैंड के खिलाफ एक बड़ा और व्यापक अभियान चलाया गया।
इस महत्वपूर्ण अभियान को धरातल पर उतारने और पूरी कार्रवाई को अंजाम देने की कमान ट्रैफिक क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्णमुरारी शर्मा को सौंपी गई है। जिम्मेदारी मिलते ही सीओ भारी पुलिस बल और यातायात विभाग की टीम के साथ खुद सड़कों पर उतरे और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कानूनी डंडा चलाया।

एसपी आकाश पटेल का सख्त आदेश, अब सीधे दर्ज होगा मुकदमा
इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों को पूर्व में कई बार चेतावनी और हिदायत दी जा चुकी है, अगर वे इसके बावजूद सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं, तो उनके खिलाफ अब सीधे मुकदमा दर्ज किया जाए।
एसपी के इस आदेश के बाद पुलिस ने उन लोगों की सूची बनानी शुरू कर दी है जो बार-बार मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण करते हैं या अवैध रूप से स्टैंड का संचालन कर रहे हैं। पुलिस की इस सख्त हिदायत के बाद पूरे बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
40 से अधिक अवैध ऑटो सीज, चालकों में मची अफरा-तफरी
ट्रैफिक सीओ कृष्णमुरारी शर्मा के नेतृत्व में चली इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान मुख्य सड़क के किनारे और चौराहों पर अवैध रूप से खड़े होकर सवारी भरने वाले ऑटो पर बड़ी कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और राहगीरों के लिए मुसीबत बनने वाले 40 से अधिक ऑटो को पुलिस ने मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस के इस कड़े और अचानक हुए एक्शन की भनक लगते ही अवैध स्टैंड संचालकों और ऑटो चालकों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बहुत से ऑटो चालक मुख्य मार्ग से अपनी गाड़ियां लेकर भागने लगे। कुछ चालक तो पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए कोतवाली के पीछे वाले संकरे रास्तों से अपने वाहन लेकर सुरक्षित निकलते हुए दिखाई दिए।
ठेलों और अवैध कब्जों पर भी चला प्रशासन का डंडा
यह अभियान केवल ऑटो चालकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि मुख्य सड़क को घेरकर दुकान लगाने वाले और अतिक्रमण करने वाले ठेला संचालकों पर भी इसका बड़ा असर देखने को मिला। जैसे ही बाजार में पुलिस की सायरन गूंजी, सड़क के दोनों तरफ अवैध रूप से ठेला लगाने वाले दुकानदारों ने आनन-फानन में अपना सामान समेटना और पीछे हटाना शुरू कर दिया।
ट्रैफिक विभाग की टीम ने सड़कों पर पैदल चलने वाले राहगीरों के रास्ते में बाधा बनने वाले हर एक अस्थाई निर्माण को हटाया। अधिकारियों ने दोकनदारों को सख्त हिदायत दी कि यदि दोबारा सड़क की सीमा के भीतर सामान पाया गया, तो सामान जब्त करने के साथ-साथ कानूनी जुर्माना भी लगाया जाएगा।
देर शाम तक सड़कों पर जमी रही टीम, सुचारु कराई व्यवस्था
अभियान के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद दिखाई दिए। सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने खुद हर चौराहे पर जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मुगलसराय बाजार में अवैध पार्किंग करना, मनमाने ढंग से बीच सड़क पर ऑटो रोककर सवारी भरना और ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखाना अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान देर शाम तक लगातार जारी रहेगा और यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बाजार की सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही सुचारु रूप से बनी रहे और स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले मुसाफिरों को भी रोज-रोज के लगने वाले जाम के झाम से हमेशा के लिए राहत मिल सके।
चंधासी में सफल रहे सीओ को मिली बाजार की नई कमान
मुगलसराय बाजार में इस बड़ी कार्रवाई के पीछे सीओ कृष्णमुरारी शर्मा का पुराना शानदार ट्रैक रिकॉर्ड भी है। दरअसल, कुछ दिनों पहले ही एसपी आकाश पटेल ने चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में सड़कों पर बेतरतीब खड़े रहने वाले ट्रकों को हटाने और वहां का ट्रैफिक दुरुस्त करने की बेहद चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी सीओ कृष्णमुरारी शर्मा को सौंपी थी।
सीओ ने उस इलाके में इतना जबरदस्त और प्रभावी अभियान चलाया कि चंधासी क्षेत्र में अवैध रूप से ट्रक खड़े होने की सालों पुरानी समस्या काफी हद तक खत्म हो गई। उनकी इसी कार्यकुशलता और कड़क कार्यशैली को देखते हुए अब एसपी ने उन्हें मुगलसराय बाजार को भी पूरी तरह जाम मुक्त और व्यवस्थित करने का यह नया जिम्मा दिया है, जिस पर उन्होंने बखूबी काम शुरू कर दिया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








