जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

1.23 करोड़ की लागत से सुधरेंगी मुगलसराय की दो सड़कें, ग्रामीणों ने की विधायक के पहल की तारीफ

मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 1.23 करोड़ रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण होने जा रहा है। विधायक रमेश जायसवाल ने अनूठी मिसाल पेश करते हुए स्थानीय जनता के हाथों इन सड़कों का शिलान्यास कराया। पूरी खबर पढ़ें...

 
 

मुगलसराय में 1.23 करोड़ की लागत से बनेंगी दो सड़कें

विधायक ने स्वयं के बजाय स्थानीय जनता से कराया शिलान्यास

10 वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों के बनने से ग्रामीणों में खुशी

माधोपुर से बहेरा और चंदौली-बबुरी से पचफेड़वा मार्ग का होगा कायाकल्प

विधायक रमेश जायसवाल ने दिया लगातार विकास कार्य कराने का भरोसा

चंदौली जिले के मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रविवार, 13 सितंबर को एक सराहनीय पहल देखने को मिली। क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास कराया गया, जिनकी कुल लागत 1 करोड़ 23 लाख 26 हजार रुपये है। खास बात यह रही कि स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल ने खुद नारियल फोड़ने के बजाय गांव की आम जनता के हाथों इन विकास कार्यों की शुरुआत कराई।

mughalsarai-mla-ramesh-jaiswal-road-foundation-stone

1.23 करोड़ रुपये से चमकेंगी दो महत्वपूर्ण सड़कें
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की देखरेख में बनने वाली पहली सड़क विकासखंड सदर के माधोपुर से बहेरा तक संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत के तहत तैयार की जाएगी। इस पर 74 लाख 8 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं दूसरी सड़क चंदौली-बबुरी मार्ग से जसूरी गंगा नहर पुलिया होते हुए पचफेड़वा एनएच-2 नहर पुलिया मिसिंग लिंक तक बनाई जाएगी, जिसकी लागत 49 लाख 18 हजार रुपये तय की गई है।

 

mughalsarai-mla-ramesh-jaiswal-road-foundation-stone

10 साल का लंबा इंतजार हुआ खत्म, ग्रामीणों में खुशी
शिलान्यास के मौके पर विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि यह सड़कें पिछले 10 सालों से बदहाल थीं और पहली बार इनका पुनर्निर्माण हो रहा है। इससे लंबे समय से आवागमन की परेशानी झेल रहे हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में ऐसी सभी पुरानी व जर्जर सड़कों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बनवाया जाएगा।

जनता और जनप्रतिनिधि के बीच मजबूत हुआ विश्वास
स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक की इस पहल की खुलकर तारीफ की। लोगों का कहना था कि पहली बार किसी विधायक ने जनता को इतना सम्मान देते हुए उनके हाथों विकास कार्य का शिलान्यास कराया है। इस अवसर पर अखिलेश तिवारी, अशोक गिरी, विपिन गिरी, प्रमोद मौर्या, रामबृक्ष शर्मा, विजेंद्र सिंह, अजय त्रिपाठी, राजेश तिवारी, रामप्रकाश राय, दिनेश वियार और संजय पासवान सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*